

सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजयपुरम : ग्राम पंचायत पोक्काडेरा ने पोक्काडेरा वार्ड संख्या-2 स्थित कैटल पाउंड (पशु पाउंड) में जलापूर्ति तत्काल बहाल करने की मांग को लेकर 5 अगस्त 2026 को शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक विरोध प्रदर्शन आयोजित करने की घोषणा की है। पंचायत के अनुसार, लंबे समय से जलापूर्ति बाधित रहने के कारण पशु पाउंड निष्क्रिय पड़ा हुआ है। ग्राम पंचायत द्वारा सहायक आयुक्त (मुख्यालय), मायाबंदर को भेजे गए आधिकारिक पत्र में बताया गया है कि पंचायत ने इस मुद्दे को पहले भी 10 जुलाई और 23 जुलाई 2026 को पत्र भेजकर संबंधित अधिकारियों के संज्ञान में लाया था। बार-बार अनुरोध और अंडमान लोक निर्माण विभाग के साथ लगातार अनुवर्ती कार्रवाई के बावजूद अब तक जलापूर्ति बहाल नहीं की गई है। पंचायत ने कहा कि पानी की निरंतर अनुपलब्धता के कारण आवारा पशुओं को पकड़कर रखने की व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई है। इससे आम जनता को परेशानी हो रही है तथा क्षेत्र में आवारा पशु प्रबंधन कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है। कार्रवाई नहीं होने पर असंतोष व्यक्त करते हुए ग्राम पंचायत पोक्काडेरा के प्रधान ने 5 अगस्त को सुबह 10 बजे अंडमान लोक निर्माण विभाग, मायाबंदर के कार्यपालक अभियंता, एनएसीडी कार्यालय के समक्ष शांतिपूर्ण धरना आयोजित करने का निर्णय लिया है। इस विरोध प्रदर्शन का उद्देश्य प्रशासन का ध्यान लंबे समय से लंबित इस समस्या की ओर आकर्षित करना और तत्काल हस्तक्षेप की मांग करना है। पंचायत ने अपने पत्र में एक बार फिर संबंधित अधिकारियों से अनुरोध किया है कि प्रस्तावित धरने से पहले जलापूर्ति बहाल कर दी जाए ताकि मामला सौहार्दपूर्ण ढंग से सुलझ सके और आंदोलन की आवश्यकता ही न पड़े।