गेद्दाम विकास मलेशिया में सीनियर मुआयथाई विश्व चैम्पियनशिप में भारत का करेंगे प्रतिनिधित्व

गेद्दाम विकास मलेशिया में सीनियर मुआयथाई विश्व चैम्पियनशिप में भारत का करेंगे प्रतिनिधित्व
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

श्री विजयपुरम : अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह के लिए गर्व के एक महत्वपूर्ण क्षण में द्वीपों के प्रतिभाशाली मुआयथाई खिलाड़ी गेद्दाम विकास का चयन प्रतिष्ठित सीनियर मुआयथाई विश्व चैम्पियनशिप 2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए किया गया है। यह प्रतियोगिता 16 से 26 जून 2026 तक मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर में आयोजित की जा रही है। विकास ने राष्ट्रीय स्तर पर लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए वर्ष 2024, 2025 और 2026 की राष्ट्रीय मुआयथाई चैम्पियनशिप में अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह का प्रतिनिधित्व करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किए हैं। उनकी उल्लेखनीय उपलब्धियों, समर्पण और कड़ी मेहनत के परिणामस्वरूप उन्हें भारतीय राष्ट्रीय टीम में स्थान प्राप्त हुआ है। यह चयन केवल विकास के लिए ही नहीं बल्कि पूरे द्वीप समूह के खेल जगत के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है। अंडमान एवं निकोबार का प्रतिनिधित्व करने से लेकर विश्व मंच पर भारत की जर्सी पहनने तक का उनका सफर क्षेत्र के उभरते खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। विकास ने टीम अंडमान एवं निकोबार के मुख्य कोच तथा मुआयथाई एसोसिएशन ऑफ अंडमान एंड निकोबार के महासचिव एन. जगदेका वर्मा के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त किया है। कोचिंग टीम और एसोसिएशन ने विकास की उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए विश्वास जताया है कि वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे। मुआयथाई एसोसिएशन ऑफ अंडमान एंड निकोबार (एमएएएन) ने विकास को इस शानदार उपलब्धि के लिए बधाई दी है तथा विश्व चैम्पियनशिप में सफलता के लिए शुभकामनाएं दी हैं। एसोसिएशन ने उन अभिभावकों, प्रशिक्षकों, शुभचिंतकों और खेल अधिकारियों के निरंतर सहयोग की भी सराहना की है जिन्होंने द्वीपों में मुआयथाई खेल के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। अंडमान एवं निकोबार का पूरा समुदाय उत्सुकता से उस क्षण की प्रतीक्षा कर रहा है जब गेद्दाम विकास वैश्विक मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए भारत और द्वीप समूह का नाम रोशन करेंगे। विकास ने कहा, “विश्व चैम्पियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए एक सपने के सच होने जैसा है। मैं अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करूंगा और अपने देश तथा द्वीपों को गौरवान्वित करने का हर संभव प्रयास करूंगा।”


Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in