

दुबई : फ्लाईदुबई के एक विमान को हाईजैक करने की कोशिश के दौरान यात्रियों की जान बचाने में मदद करने वाले दो पायलटों की पहचान सामने आई है। फिजी के हेंसन स्टीवन और दक्षिण अफ्रीका के रोवन टूथ ने 30 सितंबर को विमान के भीतर पैदा हुए आपातकालीन हालात में मोर्चा संभाला था। दोनों उस समय ड्यूटी पर नहीं थे और यात्री के रूप में विमान में सफर कर रहे थे। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में आयोजित एक सम्मान समारोह के दौरान दोनों पायलटों के नाम सार्वजनिक किए गए। 'टाइम्स ऑफ इजरायल' की रिपोर्ट के मुताबिक, विमान के भारतीय कैप्टन स्मित मछार पर कॉकपिट के भीतर हमला होने के बाद दोनों ने चालक दल की मदद की और विमान का नियंत्रण संभालने में अहम भूमिका निभाई। उनकी मदद से विमान को सुरक्षित सऊदी अरब में उतारा गया।
कुल्हाड़ी से किया था कैप्टन पर हमला
यह घटना इजरायली यात्रियों को तेल अवीव ले जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान में हुई थी। रिपोर्ट के अनुसार, ओमान के सह-पायलट हमाम अल-हमामी ने विमान पर कब्जा करने की कोशिश में आपातकालीन कुल्हाड़ी से कैप्टन मछार पर हमला कर दिया। उनके सिर के पिछले हिस्से में चोट आई।