नेपाल में बाढ़ : सड़ने लगे शव, डीएनए जांच के बाद शवों को दफनाने का फैसला

बाढ़ से 626 बरामद शवों में से 229 अज्ञात शवों को दफनाया जाएगा
Floods in Nepal: Bodies begin to decompose; decision taken to bury them after DNA testing
नदी से शव बरामद करते बचाव कर्मी
Published on

काठमांडू : नेपाल में भीषण बाढ़ के बाद बरामद 229 अज्ञात शवों को दफनाने का फैसला किया गया है। ये शव भोटेकोशी नदी से बरामद किए गए थे और चितवन जिले में रखे गए हैं। शवों की स्थिति लगातार खराब होने और संक्रमण फैलने के खतरे को देखते हुए यह निर्णय लिया गया। राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार, शनिवार सुबह तक बाढ़ से 626 शव बरामद किए जा चुके थे। स्थानीय अस्पतालों में पर्याप्त जगह और सुविधाएं नहीं होने के कारण शवों को अस्थायी व्यवस्था में रखा गया था। लगातार बढ़ते शवों के सड़ने और दुर्गंध से संक्रमण तथा महामारी फैलने का खतरा बढ़ने की चेतावनी स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने दी थी। इसके बाद चितवन जिला सुरक्षा समिति ने भरतपुर महानगरपालिका के देवघाट इलाके में खुले स्थान पर 229 अज्ञात शवों को दफनाया जाने का फैसला किया। अधिकारियों के मुताबिक, दफनाने से पहले सभी शवों के डीएनए नमूने लिए जाएंगे। साथ ही प्रत्येक शव को पहचान या संदर्भ संख्या देकर उसका रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जाएगा, ताकि भविष्य में किसी शव की पहचान संभव होने पर परिजनों को जानकारी दी जा सके। वहीं काठमांडू में लापता लोगों के परिजन महाराजगंज मेडिकल कैंपस के बाहर जुटे हैं। अस्पताल लाए गए 49 शवों में से अब तक केवल सात की पहचान हो सकी है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in