

लंदन : तकनीकी खराबी के कारण सोमवार को स्कॉटलैंड, उत्तरी आयरलैंड और उत्तरी इंग्लैंड से आने-जाने वाली उड़ानें प्रभावित हुईं। ब्रिटेन की राष्ट्रीय हवाई यातायात नियंत्रक संस्था नैट्स (NATS) के प्रेस्टविक केंद्र में आई खराबी को ठीक कर लिया गया है, लेकिन इसके चलते दिनभर उड़ानों में देरी और रद्द होने का सिलसिला जारी रहने की आशंका है। नैट्स ने कहा कि वह हवाई अड्डों और एयरलाइंस के साथ मिलकर हवाई यातायात पर लगाए गए प्रतिबंधों को जल्द से जल्द हटाने की दिशा में काम कर रही है, ताकि यात्रियों को आगे कम से कम परेशानी हो। संस्था ने यात्रियों से असुविधा के लिए माफी मांगी। नैट्स के मुताबिक, मैनचेस्टर के दक्षिण में स्थित हवाई अड्डे, जिनमें लंदन से आने-जाने वाले हवाई अड्डे भी शामिल हैं, इस समस्या से मोटे तौर पर प्रभावित नहीं हुए। नैट्स ने स्पष्ट किया कि सोमवार की तकनीकी खराबी उस सॉफ्टवेयर समस्या से अलग है, जिसके कारण दो सप्ताह पहले ब्रिटेन से आने-जाने वाली 2,000 से अधिक उड़ानें रद्द हो गई थीं।