

लंदन : ब्रिटेन में हवाई यातायात नियंत्रण को प्रभावित करने वाली एक तकनीकी समस्या के कारण मंगलवार को हवाई अड्डों पर भारत आने-जाने वाली उड़ानों समेत 625 उड़ानें प्रभावित हुईं। ब्रिटेन में हवाई यातायात नियंत्रण और हवाई क्षेत्र प्रबंधन सेवा देने वाली प्रमुख संस्था राष्ट्रीय हवाई यातायात सेवा (एनएटीएस) ने कहा कि उसने अपनी उड़ानों की प्रक्रिया से जुड़ी प्रणाली में समस्या की पहचान कर ली है और उसका समाधान कर दिया है। हालांकि, देरी के कारण होने वाला असर कई घंटों तक रहने और बुधवार तक भी जारी रहने की उम्मीद है। एनएटीएस ने एक बयान में कहा, हमने समस्या का समाधान कर दिया है और हमारी उड़ान प्रणाली अब धीरे-धीरे सामान्य हो रही है।
लंदन के हीथ्रो, गैटविक और स्टैनस्टेड हवाई अड्डों के साथ-साथ इंग्लैंड के ईस्ट मिडलैंड्स क्षेत्र के अन्य हवाई अड्डों पर भी विमानों के उड़ान भरने और उतरने के कार्यक्रम प्रभावित हुए। कई विमानों को दूसरे यूरोपीय देशों में वैकल्पिक हवाई अड्डों की ओर भेज दिया गया।