सम्मोहित कर ठगने के दो मामलों में पांच धोखेबाज गिरफ्तार

जाने क्या है पूरा मामला
सम्मोहित कर ठगने के दो मामलों में पांच धोखेबाज गिरफ्तार
Published on: 

नई दिल्ली : बाहरी दिल्ली के रनहोला इलाके में दो अलग-अलग मामलों में लोगों को सम्मोहित करके उनसे कीमती सामान ठगने के आरोप में पुलिस ने एक नाबालिग समेत पांच लोगों को पकड़ लिया है। गुरुवार को पुलिस ने बताया कि 15 मई को दर्ज किए गए पहले मामले के अनुसार, एक महिला ने आरोप लगाया कि दो पुरुषों और एक महिला ने उसे सम्मोहित कर लिया और उसकी सोने की बालियां ले लीं, जिनके बदले में उसे एक बंडल दिया जो नकदी की तरह लग रहा था, लेकिन वो बंडल सिर्फ रद्दी कागज थे।

बाहरी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) सचिन शर्मा ने बताया कि पुलिस ने सुल्तानपुरी के डी-ब्लॉक में छापामारी कर एक व्यक्ति और उसकी पत्नी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान उन्होंने अपराध कबूल कर लिया और अपने तीसरे साथी का नाम भी बताया जो अभी फरार है। पुलिस ने बताया कि 16 मई को दर्ज किए गए दूसरे मामले में भी एक अन्य महिला ने इसी तरह की शिकायत की थी। पुलिस ने बताया कि चंद्र विहार के समीप ऐसे ही कुछ संदिग्ध लोगों की मौजूदगी की सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी की, जिसमें एक पुरुष और उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया जबकि एक नाबालिग को हिरासत में ले लिया। डीसीपी ने बताया कि दोनों घटनाओं में समानता को देखते हुए एक पुलिस टीम ने दोनों मामलों की जांच की।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News