बुनियादाबाद में घर में लगी आग, घरेलू सामान जलकर हुआ नुकसान

गीजर चालू करने के बाद आग लगने की प्रारंभिक जानकारी
बुनियादाबाद में घर में लगी आग पर काबू पाने की कार्रवाई करते अग्निशमन कर्मी।
बुनियादाबाद में घर में लगी आग पर काबू पाने की कार्रवाई करते अग्निशमन कर्मी।
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

श्री विजय पुरम – श्री विजय पुरम के बुनियादाबाद स्थित ईटा कंपनी बस्ती क्षेत्र में सोमवार सुबह एक घर में अचानक आग लगने से घरेलू सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। घटना सुबह करीब 10:30 से 11:00 बजे के बीच की बताई जा रही है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घर में पानी गर्म करने के लिए गीजर चालू किया गया था। कुछ समय बाद अचानक आग लग गई, जिसने घर के एक हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। आग के कारण कपड़े, दरवाजे और अन्य घरेलू सामान समेत काफी सामग्री जल गई।

घटना के समय घर में मौजूद परिवार ने आसपास के लोगों की मदद से स्थिति संभालने का प्रयास किया और आग की सूचना अग्निशमन विभाग को दी। सूचना मिलते ही अग्निशमन दल और चाथम पुलिस मौके पर पहुंचे तथा आग बुझाने और स्थिति को नियंत्रित करने की कार्रवाई शुरू की। आसपास के लोगों ने भी घर से सामान बाहर निकालने में मदद की।

घटना में राहत की बात यह रही कि घर में मौजूद किसी भी व्यक्ति को शारीरिक चोट नहीं आई। परिवार के अनुसार, घर में करीब डेढ़ वर्ष का बच्चा भी था, जिसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

स्थानीय निवासी मरियादास ने बताया कि आग लगने के बाद घर से काफी धुआं निकल रहा था और परिवार के लोग मदद के लिए चिल्ला रहे थे। उन्होंने बताया कि अत्यधिक गर्मी और धुएं के कारण शुरुआत में घर के अंदर जाना मुश्किल था, जिसके बाद अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई।

फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारण और कुल नुकसान का आकलन किया जा रहा है। प्रारंभिक तौर पर गीजर अथवा बिजली से संबंधित कारण की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in