

मैड्रिड : गुयाना में 116 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को लेकर जा रही एक नाव पलट गई, लेकिन अब तक 53 लोगों को बचा लिया गया है। गुयाना के प्रधानमंत्री मार्क फिलिप्स ने बताया कि ‘एमवी बारिमा’ राजधानी जॉर्जटाउन से उत्तरी अटलांटिक तट के रास्ते पोर्ट कैतूमा जा रही थी। वहीं मंत्री जुआन एडघिल ने पर बताया कि स्थानीय समयानुसार रात 11 बजकर एक मिनट पर नाव पलटने की सूचना मिली, जिसके बाद सरकारी और निजी नौकाओं की मदद से खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। अधिकारियों ने बताया कि नौका पोमेरून नदी के निकट पलट गई। खोज एवं बचाव अभियान के बारे में विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है और यह भी स्पष्ट नहीं है कि इस हादसे में किसी की मौत हुई है या नहीं। गुयाना के अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि और यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मार्क फिलिप्स सरकार की ओर से राहत एवं बचाव अभियान की निगरानी कर रहे हैं।