द्वीपों के शतरंज खिलाड़ियों का राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन

ओपन श्रेणी में छठा स्थान, 8 राउंड में 6.5 अंक अर्जित
द्वीपों के शतरंज खिलाड़ियों का राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन
Published on

10,000 रुपये की नकद पुरस्कार राशि से सम्मानित
सन्मार्ग संवाददाता

श्री विजयपुरम :अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह के शतरंज खिलाड़ियों ने एक बार फिर तमिलनाडु और नई दिल्ली में आयोजित फिडे-रेटेड ओपन शतरंज प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है। महिला कैंडिडेट मास्टर आर. कस्तूरी बाई ने 19 से 22 मार्च तक तमिलनाडु में आयोजित तृतीय जेवेरियन ओपन फिडे रेटेड शतरंज प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। ओपन श्रेणी (क्लासिकल प्रारूप) में लगभग 450 प्रतिभागियों के बीच प्रतिस्पर्धा करते हुए उन्होंने 8 राउंड में 6.5 अंक अर्जित किए और अपराजित रहते हुए कुल छठा स्थान प्राप्त किया। उनके इस प्रदर्शन के लिए उन्हें 10,000 रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की गई। इसी बीच, युवा खिलाड़ी एएफएम सॉ जिन्सन सैमुअल ने 21 से 22 मार्च तक नई दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में आयोजित तृतीय महारथी ओपन फिडे रैपिड एवं ब्लिट्ज शतरंज प्रतियोगिता में प्रभावशाली प्रदर्शन किया। लगभग 750 प्रतिभागियों के बीच प्रतिस्पर्धा करते हुए उन्होंने रैपिड स्पर्धा में 9 राउंड में 6.5 अंक हासिल किए और 1400-1550 रेटिंग श्रेणी में द्वितीय स्थान प्राप्त कर ट्रॉफी एवं 12,000 रुपये की नकद पुरस्कार राशि जीती। इसके अतिरिक्त उन्होंने ब्लिट्ज स्पर्धा में अंडर-9 श्रेणी में तृतीय स्थान प्राप्त किया। अंडमान निकोबार शतरंज एसोसिएशन ने दोनों खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धियों के लिए बधाई दी है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in