

वाशिंगटन : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की कि भारतीय कंपनी एस्सार समूह अमेरिका के आयोवा में 15 अरब डॉलर के निवेश से देश का ‘‘सबसे बड़ा स्टील प्लांट’’ बनाएगा। ट्रंप ने ओवल ऑफिस में एस्सार समूह के सह-संस्थापक रवि रुइया और उनके बेटे रेवंत रुइया की मौजूदगी में यह घोषणा की। ट्रंप ने कहा कि एस्सार समूह की कंपनी मेसाबी मेटालिक्स आयोवा में अमेरिकी इतिहास का सबसे बड़ा स्टील संयंत्र बनाएगी। कंपनी का लक्ष्य 2030 तक उत्पादन शुरू करना है। व्हाइट हाउस के एक अधिकारी के अनुसार, संयंत्र की सालाना उत्पादन क्षमता एक करोड़ टन स्टील होगी और इससे राज्य में 1,750 स्थायी नौकरियां पैदा होने की उम्मीद है। संयंत्र के लिए लौह अयस्क मिनेसोटा में कंपनी की 2.5 अरब डॉलर की लागत से विकसित की जा रही नई खदान से आएगा। खदान से सालाना करीब 75 लाख टन लौह अयस्क उत्पादन और लगभग 350 नौकरियां पैदा होने की उम्मीद है। अधिकारी के अनुसार, यह 50 वर्षों में अमेरिका की पहली नई लौह अयस्क खदान होगी। मेसाबी मेटालिक्स के चेयरमैन रेवंत रुइया ने ट्रंप को अमेरिका में विनिर्माण को बढ़ावा देने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि संयंत्र आधुनिक तकनीक से लैस होगा और आकार, गुणवत्ता तथा लागत के मामले में दुनिया के किसी भी स्टील संयंत्र को टक्कर देगा।