

सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजयपुरम : सूचना, प्रचार एवं पर्यटन निदेशालय तथा अंडमान एवं निकोबार प्रशासन द्वारा पर्यावरण एवं वन विभाग तथा दक्षिण फाउंडेशन, नॉर्थ वंडूर के सहयोग से पर्यटन मेले, उत्सव एवं कार्यक्रम कैलेंडर 2026-27 के अंतर्गत गत शनिवार को कालाटांग में आइलैंड बर्ड वॉक तथा शोल बे-19 में आइलैंड मैंग्रोव वॉक का सफल आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य द्वीपों की समृद्ध जैव विविधता के प्रति जागरूकता बढ़ाना, ईको-पर्यटन को प्रोत्साहित करना तथा प्रकृति आधारित गतिविधियों में जनभागीदारी सुनिश्चित करना था। आइलैंड बर्ड वॉक में कुल 25 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जबकि आइलैंड मैंग्रोव वॉक में लगभग 50 प्रतिभागियों की सहभागिता रही। कार्यक्रमों के दौरान प्रतिभागियों को पक्षी संरक्षण, मैंग्रोव पारिस्थितिकी तंत्र, जैव विविधता संरक्षण तथा सतत पर्यटन की महत्ता के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्हें प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार व्यवहार अपनाने के लिए भी प्रेरित किया गया। इन दोनों कार्यक्रमों को स्थानीय समुदाय से अत्यंत उत्साहजनक प्रतिक्रिया प्राप्त हुई। ग्राम पंचायत मन्नारघाट तथा शोल बे के प्रधानों ने बड़ी संख्या में प्रतिभागियों को कार्यक्रम से जोड़ने में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया। पर्यावरण एवं वन विभाग, दक्षिण फाउंडेशन, स्थानीय पंचायतों तथा उत्साही प्रतिभागियों के सक्रिय सहयोग से दोनों कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुए। इन आयोजनों ने जनता के बीच पर्यावरणीय जागरूकता बढ़ाने तथा जैव विविधता संरक्षण के संदेश को प्रभावी ढंग से प्रसारित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।