

कीव : यूक्रेन और रूस के आपातकालीन अलर्ट मोबाइल ऐप रविवार देर रात साइबर हमले का निशाना बने। यूक्रेन की राजधानी कीव में लोगों को परमाणु विकिरण के उच्च स्तर, रासायनिक खतरे और सार्वजनिक अशांति से जुड़े फर्जी अलर्ट भेजे गए। यूक्रेन के अधिकारियों के मुताबिक, अज्ञात हैकरों ने एयर रेड अलर्ट ऐप की मैसेजिंग प्रणाली में सेंध लगाई, जिसके बाद सेवा अस्थायी रूप से बंद कर दी गई। अधिकारियों ने लोगों को संदिग्ध नोटिफिकेशन में दिए गए लिंक पर क्लिक न करने की चेतावनी दी। ऐप को रातभर में बहाल कर दिया गया। कुछ फर्जी संदेशों में हैकिंग समूह हिटकोर का नाम सामने आया। हालांकि, हमले की जिम्मेदारी लेने के उसके दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। वहीं, रूस के आपातकालीन मंत्रालय ने भी अपने मोबाइल ऐप पर साइबर हमले की पुष्टि की। मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि देश की व्यापक आपातकालीन चेतावनी प्रणाली सामान्य रूप से काम कर रही है।