त्योहार से पहले झटका, महंगे होंगे इलेक्ट्रॉनिक्स सामान!

एक अक्टूबर से 5-8% महंगे हो जायेंगे AC, LED TV, वॉशिंग मशीन, फ्रिज
electric_and_electronic_goods
महंगे हो जायेंगे AC, LED TV, वॉशिंग मशीन, फ्रिज
Published on: 

दाम वृद्धि की वजह : कच्चे माल, पेट्रोलियम उत्पादों की बढ़ती लागत, ढुलाई खर्च और विदेशी मुद्रा में उतार-चढ़ाव

नयी दिल्ली : त्योहारी सीजन से पहले आम आदमी को महंगाई का झटका लगने वाला है। देश में एअर कंडीशनर (AC), LED TV, वॉशिंग मशीन और अन्य उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स सामान महंगे हो सकते हैं। प्रमुख उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनियों 1 अक्टूबर से अपने उत्पादों के दाम 5-8 प्रतिशत तक बढ़ाने की तैयारी कर रही हैं। कंपनियों का कहना है कि तांबा, एल्युमिनियम, इस्पात, प्लास्टिक और कच्चे तेल से जुड़े उत्पादों की बढ़ती लागत के साथ-साथ माल ढुलाई खर्च और विदेशी मुद्रा में उतार-चढ़ाव के कारण कीमतें बढ़ाना जरूरी हो गया है। इस साल यह तीसरी मौका होगा जबकि उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनियां दाम बढ़ायेंगी।

कुछ कंपनियां अभी स्थिति का आकलन कर रहीं

एअर कंडीशनर की कीमतों में जहां करीब पांच से आठ प्रतिशत तक बढ़ोतरी की संभावना है, वहीं कुछ कंपनियां वॉशिंग मशीन, रेफ्रिजरेटर और LED TV के दाम तीन से चार प्रतिशत बढ़ाने जा रही हैं। हालांकि कुछ कंपनियां अभी स्थिति का आकलन कर रही हैं। ब्लू स्टार, गोदरेज अप्लायंसेज, हायर, डइकिन और सुपर प्लास्ट्रॉनिक्स सहित कई कंपनियां विभिन्न श्रेणियों में कीमतें बढ़ाने की घोषणा कर चुकी हैं। LG और बॉश होम कम्फर्ट, जो हिताची ब्रांड के एअर कंडीशनर का कारोबार करती है, ने भी AC की कीमतों में करीब पांच प्रतिशत की बढ़ोतरी की है। पैनासोनिक अभी कीमत बढ़ाने को लेकर स्थिति का आकलन कर रही है।

क्या कह रहीं प्रमुख उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनियां

ब्लू स्टार के प्रबंध निदेशक बी. त्यागराजन ने कहा कि बढ़ती जिंस कीमतों के कारण AC और डीप फ्रीजर की कीमतें पहले ही पांच से आठ प्रतिशत बढ़ायी जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि तांबा, इस्पात और प्लास्टिक सहित विभिन्न कच्चे माल के दाम चढ़ गये हैं और कंपनी इस साल अब तक तीन बार कीमतें बढ़ा चुकी है। गोदरेज एंटरप्राइजेज ग्रुप के कारोबार प्रमुख और कार्यकारी उपाध्यक्ष कमल नंदी ने कहा कि पिछली कीमत समीक्षा के बाद जिंस की लागत में आठ से 10 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। ऐसे में विभिन्न श्रेणियों में पांच से सात प्रतिशत तक की कीमत वृद्धि अपरिहार्य हो गयी है। हायर इंडिया के अध्यक्ष एन एस सतीश ने कहा कि कंपनी एअर कंडीशनर की कीमतों में करीब पांच प्रतिशत की वृद्धि करेगी। डाइकिन एअरकंडीशनिंग इंडिया के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक कंवलजीत जावा ने बताया कि कंपनी ने 16 सितंबर से ही कीमतों में आठ से 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर दी है। वहीं सुपर प्लास्ट्रॉनिक्स प्राइवेट लिमिटेड ने अक्टूबर के बाद TV की कीमतों में करीब सात प्रतिशत की वृद्धि की योजना बनायी है।

त्योहारी सीजन में आकर्षक छूट एवं ऑफर का क्या होगा?

उद्योग के लिए चिंता की बात यह भी है कि कीमतों में बढ़ोतरी का असर त्योहारी मांग पर पड़ सकता है। आमतौर पर नवरात्रि से दिवाली तक उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स और घरेलू उपकरणों की बिक्री में तेजी आती है और कंपनियां आकर्षक छूट एवं ऑफर देती हैं। ऐसे में बढ़ी हुई कीमतें ग्राहकों के खरीद निर्णय को प्रभावित कर सकती हैं। हालांकि कंपनियों का कहना है कि डीलर और वितरकों के पास अगस्त-सितंबर में पुराने दाम पर खरीदा गया पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। इसलिए दिवाली तक कुछ उत्पाद पुराने दाम पर उपलब्ध रह सकते हैं। उद्योग की रिपोर्ट के अनुसार ओणम से लेकर दशहरा और दिवाली तक का त्योहारी दौर घरेलू उपकरण विनिर्माताओं की सालाना बिक्री में करीब 30 से 40 प्रतिशत का योगदान देता है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in