

वाशिंगटन : लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि चुनावी व्यवस्था में कथित गड़बड़ियों के विरोध में चुनावों का बहिष्कार करना लोकतंत्र को समाप्त करने जैसा होगा। कांग्रेस ऐसा नहीं करेगी और व्यवस्था की खामियों को उजागर करने के लिए चुनावी हार का सामना करने को तैयार है। शिकागो विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों से बातचीत में राहुल ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र में समस्या होने का दावा करने के लिए उनके पास ठोस प्रमाण होने चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि कांग्रेस चुनाव लड़ना बंद कर दे, तो उसके कार्यकर्ताओं का क्या होगा? पार्टी व्यवस्था की कथित गड़बड़ियों को जनता के सामने लाने के लिए संघर्ष जारी रखेगी। राहुल ने मामलों में भारत की भूमिका कमजोर होने का आरोप लगाया। अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत में पाकिस्तान की भूमिका का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भारत को अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए। इन देशों से संबंधों के बावजूद भारत केवल देख रहा है, जबकि पाकिस्तान मध्यस्थता कर रहा है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद भारत गुटनिरपेक्ष आंदोलन का नेतृत्व करता था और उसे फिर वैश्विक मंच पर सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश नीति पर सवाल उठाते हुए राहुल ने कहा कि विदेश नीति व्यक्तिगत संबंधों के बजाय राष्ट्रीय हितों और परिस्थितियों की समझ पर आधारित होनी चाहिए।