अल नीनो से हिमालयी क्षेत्रों में बढ़ेगा आपदाओं का खतरा : रिपोर्ट

अंतरराष्ट्रीय एकीकृत पर्वतीय विकास केंद्र (आईसीआईएमओडी), बीजिंग नॉर्मल यूनिवर्सिटी और चीनी विज्ञान अकादमी ने संयुक्त रूप से ‘हिंदुकुश हिमालय विंटर आउटलुक 2026’ रिपोर्ट जारी की
El Niño to increase risk of disasters in Himalayan regions: Report
हिमालयी क्षेत्र
Published on: 

काठमांडू : अल नीनो के प्रबल प्रभाव से हिंदुकुश हिमालय क्षेत्र के कुछ हिस्सों में इस सर्दी सामान्य से अधिक बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इससे नेपाल समेत कई देशों में बाढ़, भूस्खलन और हिमस्खलन का खतरा बढ़ने की आशंका है। एक अंतरराष्ट्रीय रिपोर्ट में यह चेतावनी दी गई है। काठमांडू स्थित अंतरराष्ट्रीय एकीकृत पर्वतीय विकास केंद्र (आईसीआईएमओडी), बीजिंग नॉर्मल यूनिवर्सिटी और चीनी विज्ञान अकादमी ने संयुक्त रूप से ‘हिंदुकुश हिमालय विंटर आउटलुक 2026’ रिपोर्ट जारी की है। इसमें नेपाल, अफगानिस्तान और बांग्लादेश समेत कई देशों में सामान्य से अधिक बारिश का अनुमान जताया गया है। वहीं, कुछ इलाकों में लंबे समय तक शुष्क मौसम रहने से जंगलों में आग लगने का खतरा भी बढ़ सकता है। रिपोर्ट के अनुसार, अफगानिस्तान, पाकिस्तान, उत्तरी भारत और नेपाल के कुछ हिस्सों में बर्फ की परत सामान्य से मोटी रह सकती है, जबकि भूटान और चीन के पूर्वी शिजांग में यह पतली रहने की संभावना है। बर्फ की मोटाई का असर नदियों के जलप्रवाह, सिंचाई और जलविद्युत उत्पादन पर पड़ सकता है। आईसीआईएमओडी के वैज्ञानिकों ने कहा कि अल नीनो के कारण हिमालय की तलहटी में अधिक बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ज्यादा बर्फबारी हो सकती है। रिपोर्ट में दक्षिण-पूर्वी शिजांग और म्यांमा में जंगलों तथा घास के मैदानों में आग लगने की आशंका भी जताई गई है। विशेषज्ञों ने बदलते मौसमी पैटर्न को देखते हुए स्थानीय स्तर पर आपदा प्रबंधन की तैयारी मजबूत करने पर जोर दिया है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News