दिल्ली के 8 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, अभिभावकों और छात्रों में दहशत

गुरुवार को राजधानी दिल्ली के कई नामी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया।
दिल्ली के 8 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, अभिभावकों और छात्रों में दहशत
Published on

दिल्ली, इंद्राणी : गुरुवार को राजधानी दिल्ली के कई नामी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। दिल्ली के आठ प्रमुख स्कूलों को ई-मेल के जरिए बम विस्फोट की धमकी भेजी गई। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, दमकल विभाग और बम निरोधक दस्ता तुरंत मौके पर पहुंच गया। सभी स्कूल परिसरों में सुरक्षा एजेंसियों द्वारा सघन तलाशी अभियान चलाया गया। फिलहाल किसी भी स्कूल से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, सुबह करीब 8:15 बजे से 9:30 बजे के बीच विभिन्न स्कूलों को ये धमकी भरे ई-मेल प्राप्त हुए। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एहतियातन सभी स्कूलों को खाली करा लिया गया और छात्रों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में अभिभावक स्कूल परिसरों में पहुंच गए, जिससे कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई।

जिन स्कूलों को धमकी मिली है, उनमें सरदार पटेल विद्यालय, लोरेटो कॉन्वेंट, माउंट कार्मेल स्कूल, डॉन बॉस्को स्कूल, एयर फोर्स बाल भारती स्कूल, बिरला विद्या निकेतन, एमिटी स्कूल और के.आर. मंगलम स्कूल शामिल हैं। सभी स्कूलों में बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की संयुक्त टीम ने तलाशी ली।

लंबी जांच के बाद पुलिस ने बताया कि किसी भी स्कूल में विस्फोटक या संदिग्ध सामग्री नहीं मिली है। प्रारंभिक जांच में इन धमकियों को फर्जी (होक्स) माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए ई-मेल भेजने वालों की पहचान के लिए साइबर क्राइम यूनिट से जांच करवा रही है। गौरतलब है कि इससे ठीक एक दिन पहले हरियाणा के गुरुग्राम में भी आठ स्कूलों को इसी तरह की बम धमकी दी गई थी, जो बाद में फर्जी निकली। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से राजधानी और आसपास के इलाकों में स्कूलों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस ने कहा है कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in