इजराइल में गठबंधन सरकार बनाने की कवायद तेज

आइजेनकोट ने नेतन्याहू की पार्टी लिकुड को भेजा वार्ता का न्योता
Efforts to form a coalition government in Israel intensify
गादी आइजेनकोट
Published on: 

तेल अवीव : इजराइल में नई सरकार के गठन की कोशिशें तेज हो गई हैं। पूर्व सैन्य प्रमुख और सरकार गठन की जिम्मेदारी संभाल रहे गादी आइजेनकोट ने कार्यवाहक प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की दक्षिणपंथी लिकुड पार्टी को गठबंधन वार्ता के लिए आमंत्रित किया है। उनकी मध्यमार्गी याशर पार्टी ने इसकी घोषणा की। पार्टी ने कहा कि यह पहल व्यापक सरकार बनाने की उसकी वास्तविक प्रतिबद्धता को दर्शाती है। अक्टूबर में हुए चुनाव में किसी भी गठबंधन को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला था। ऐसे में आइजेनकोट को अगले महीने तक नई सरकार गठित करनी है।

नेतन्याहू के नेतृत्व का विरोध

आइजेनकोट के खेमे में इस बात पर मतभेद हैं कि अति-रूढ़िवादी यहूदी दलों और अरब दलों के साथ गठबंधन किया जाए या नेतन्याहू के खेमे के साथ राष्ट्रीय एकता सरकार बनाई जाए। पूर्व प्रधानमंत्री नफ्ताली बेनेट ने आइजेनकोट के नेतृत्व में एकता सरकार का समर्थन किया है। हालांकि, उन्होंने साफ किया कि उनकी पार्टी किसी भी परिस्थिति में नेतन्याहू या उनके गठबंधन के साथ सरकार में शामिल नहीं होगी।

लिकुड ने रखीं कई शर्तें

लिकुड ने एकता सरकार के लिए नेतन्याहू के खिलाफ व्यक्तिगत हमले, उकसावे और राजनीतिक बहिष्कार समाप्त करने की मांग की है। पार्टी ने अरब दलों को सरकार में शामिल नहीं करने और इजराइल को यहूदी राष्ट्र के रूप में मान्यता देने की शर्त रखी है। उसने फलस्तीन राष्ट्र के गठन का विरोध, सीरिया, लेबनान और गाजा में इजराइल के सुरक्षा क्षेत्रों को बनाए रखने तथा अति-रूढ़िवादी यहूदियों की सैन्य भर्ती पर व्यापक सहमति बनाने की मांग भी की है। आइजेनकोट ने चेतावनी दी है कि बातचीत अनिश्चितकाल तक नहीं चलेगी। व्यापक गठबंधन बनाने में विफल रहने पर वह संसद में अल्पमत वाली आपात राष्ट्रीय सरकार का प्रस्ताव रखेंगे।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News