

सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजय पुरम -- अंडमान निकोबार द्वीपसमूह के नवनियुक्त उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा आज, रविवार को श्री विजय पुरम पहुंचे। वीर सावरकर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचने पर प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों तथा जनप्रतिनिधियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्य सचिव ज्ञानेश भारती, पुलिस महानिदेशक, सांसद बिष्णु पद रे, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अनिल कुमार तिवारी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
प्रशासन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार उनका शपथ ग्रहण समारोह 15 सितंबर 2026 को सुबह 11 बजकर 51 मिनट पर राजनिवास में आयोजित किया जाएगा। इसके बाद वह औपचारिक रूप से अंडमान निकोबार द्वीपसमूह के उपराज्यपाल का पदभार ग्रहण करेंगे।
शपथ ग्रहण समारोह के बाद नवनियुक्त उपराज्यपाल राष्ट्रीय स्मारक सेल्युलर जेल का दौरा करेंगे और वहां स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। वह सेल्युलर जेल स्थित वीर सावरकर की कोठरी का भी दौरा करेंगे।
डॉ. दिनेश शर्मा उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री रह चुके हैं। उनके अंडमान आगमन के साथ ही द्वीपवासियों में उनके आगामी कार्यकाल को लेकर उम्मीदें बढ़ी हैं। स्थानीय लोगों को आशा है कि बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य और विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं सहित लंबे समय से सामने आ रही विभिन्न समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।
द्वीपवासियों के बीच यह अपेक्षा भी है कि आम लोगों की समस्याओं को सीधे सुनने और उनके समाधान की प्रक्रिया को मजबूत करने के लिए राजनिवास में जनता दरबार की व्यवस्था फिर से शुरू की जा सकती है। नवनियुक्त उपराज्यपाल के आगमन के साथ ही द्वीपवासियों में बेहतर जनसेवाओं, विकास और उनकी लंबे समय से चली आ रही समस्याओं के समाधान को लेकर नई उम्मीदें दिखाई दे रही हैं।