डॉ. दिनेश शर्मा ने अंडमान निकोबार के 14वें उपराज्यपाल के रूप में शपथ ली

शपथ ग्रहण के बाद पुलिस ने दिया गार्ड ऑफ ऑनर
डॉ. दिनेश शर्मा को अंडमान निकोबार द्वीप समूह के 14वें उपराज्यपाल के रूप में शपथ दिलाते मुख्य न्यायाधीश।
डॉ. दिनेश शर्मा को अंडमान निकोबार द्वीप समूह के 14वें उपराज्यपाल के रूप में शपथ दिलाते मुख्य न्यायाधीश।
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

श्री विजय पुरम -- अंडमान निकोबार द्वीप समूह के 14वें उपराज्यपाल के रूप में डॉ. दिनेश शर्मा ने आज 15 सितंबर 2026 को पद और गोपनीयता की शपथ ली। आज लोक निवास में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में कलकत्ता उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति रविंद्र विट्ठल राव गुगे ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

शपथ ग्रहण के दौरान डॉ. दिनेश शर्मा ने संविधान तथा विधि की रक्षा करने और अंडमान निकोबार द्वीप समूह के उपराज्यपाल के रूप में अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि वह अपनी संपूर्ण क्षमता के अनुसार संविधान और कानून की रक्षा करेंगे तथा द्वीप समूह की जनता के कल्याण और सेवा के लिए स्वयं को समर्पित रखेंगे। गोपनीयता की शपथ के तहत उन्होंने उपराज्यपाल के रूप में अपने समक्ष आने वाले मामलों और अपनी जानकारी में आने वाली गोपनीय बातों को कर्तव्यों के समुचित निर्वहन के लिए आवश्यक होने के अलावा किसी व्यक्ति या व्यक्तियों के समक्ष प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से प्रकट नहीं करने का संकल्प लिया।

शपथ ग्रहण समारोह के बाद अंडमान निकोबार पुलिस की ओर से नवनियुक्त उपराज्यपाल को गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया। डॉ. दिनेश शर्मा ने सम्मान गार्ड की परेड का निरीक्षण किया और पुलिस दल की सलामी ली।

समारोह में मुख्य सचिव सहित प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, पुलिस महानिदेशक तथा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और सैन्य अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा सांसद बिष्णु पद रे, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार तिवारी, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, जनप्रतिनिधि और अन्य गणमान्य लोग भी समारोह में मौजूद रहे।

परेड निरीक्षण और सलामी के बाद विभिन्न गणमान्य लोगों तथा जनप्रतिनिधियों ने डॉ. दिनेश शर्मा से मुलाकात कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। उनके उपराज्यपाल पद संभालने के साथ ही अंडमान निकोबार प्रशासन के एक नए अध्याय की शुरुआत हुई है।

डॉ. दिनेश शर्मा उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री रह चुके हैं और इससे पहले राज्यसभा के सदस्य भी रहे हैं।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in