

ढाका : बांग्लादेश की राजधानी ढाका स्थित जगन्नाथ विश्वविद्यालय में हिंदू मंदिर के पास गोमांस पकाने को लेकर विवाद बढ़ गया है। शुक्रवार को जमात-ए-इस्लामी से जुड़े छात्रों के एक समूह ने परिसर में पशु वध पर रोक लगाने संबंधी विश्वविद्यालय प्रशासन के शुरुआती नोटिस के विरोध में गाय काटने का कार्यक्रम आयोजित किया। विवाद सोमवार को शुरू हुआ, जब इस्लामी इतिहास एवं संस्कृति विभाग के 2021-22 सत्र के छात्रों ने केंद्रीय मंदिर के पास मुक्तमंच के निकट गोमांस की खिचड़ी बनाने का आयोजन किया। स्थानीय मीडिया के अनुसार, हिंदू छात्रों ने मंदिर के पास गोमांस पकाने पर आपत्ति जताते हुए कहा कि इससे उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। विश्वविद्यालय की केंद्रीय मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्य सचिव जॉय साहा ने बताया कि गोमांस पकाए जाने की जानकारी मिलने पर छात्रों ने आयोजकों से बात की, जिसके बाद बहस शुरू हो गई। स्थिति बिगड़ने पर प्रोफेसर एमडी आजम खान ने हस्तक्षेप किया और सहायक प्रॉक्टर को मौके पर भेजा। इसके बाद आयोजकों ने आयोजन स्थल मंदिर से दूर कर लिया।