

नयी दिल्ली : मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस ने शुक्रवार को पूरे देश में जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया। मुख्य विपक्षी दल ने देशभर के कई शहरों में एक साथ विरोध प्रदर्शन किया और ज्ञानेश कुमार से इस्तीफे की मांग की। उत्तराखंड के देहरादून में कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर चढ़ गये। पटना में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इस बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने भी कहा कि अगर ज्ञानेश कुमार ने इस्तीफा नहीं दिया तो 2 अक्टूबर से देशव्यापी आंदोलन करेंगे। CJP ने गुरुवार को ज्ञानेश कुमार को 48 घंटे की डेडलाइन दी थी।
सड़कों पर उतरे कांग्रेस कार्यकर्ता
कांग्रेस के इस प्रदर्शन की तस्वीरें गुवाहाटी, चंडीगढ़, मणिपुर, लखनऊ, देहरादून और कोलकाता से सामने आयी हैं। इन सभी शहरों में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और नारेबाजी करते हुए ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। गुवाहाटी में इस प्रदर्शन की अगुवाई गौरव गोगोई ने की। वहीं लखनऊ में भी कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में इकट्ठा हुए और एकजुट होकर विरोध जताया। चंडीगढ़ में भी कांग्रेस नेताओं ने सभा को संबोधित किया और उसके बाद प्रदर्शन मार्च निकाला। जम्मू-कश्मीर में तो यह मुद्दा विधानसभा के अंदर भी उठाया गया। मणिपुर के इंफाल में स्थिति सबसे ज्यादा तनावपूर्ण रही। यहां निर्वाचन आयोग के मुख्य कार्यालय के सामने प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने दफ्तर के अंदर घुसने की कोशिश की। इसे रोकने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े।
‘मनमानी कर रहे ज्ञानेश’
कांग्रेस का कहना है कि ज्ञानेश कुमार निर्वाचन आयोग के अंदर सब कुछ अपने हिसाब से चला रहे हैं और बाकी दो आयुक्तों की आपत्तियों को अनसुना किया जा रहा है। यही आरोप विपक्ष की तरफ से लगातार लगाया जा रहा है, जिसमें कांग्रेस सबसे आगे नजर आ रही है। देहरादून में शैलजा कुमारी ने इस प्रदर्शन में हिस्सा लिया, जहां कांग्रेस ने देशव्यापी अभियान के तहत विरोध मार्च निकाला। दिल्ली में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने CEC के खिलाफ बड़ा विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन युवा कांग्रेस के मुख्यालय से शुरू हुआ। कार्यकर्ता बैरिकेड्स पर चढ़ गये और हाथों में झंडे और पोस्टर लेकर नारेबाजी करते नजर आये।
‘इस्तीफा दो, वरना आंदोलन’
इस बीच CJP ने कहा कि अगर ज्ञानेश कुमार ने इस्तीफा नहीं दिया तो 2 अक्टूबर को मुंबई से देशव्यापी विरोध प्रदर्शन शुरू किया जायेगा और इसे भारत भर के शहरों तक ले जायेगा। इसके साथ ही CJP नेता अभिजीत दिपके ने विपक्षी दलों से अपील की कि यदि उन्हें लगता है कि चुनावी प्रक्रिया में धांधली हो रही है, तो उन्हें ऐसे चुनावों में भाग लेना बंद कर देना चाहिए। उनका चुनावों में लगातार भाग लेना ऐसे चुनावों को वैधता देता है और उनके स्वतंत्र एवं निष्पक्ष होने का ‘भ्रम’ बनाए रखता है।