कांग्रेस ने की विशेष संसद सत्र बुलाने की मांग

खरगे और राहुल ने लिखा मोदी को पत्र
कांग्रेस ने की विशेष संसद सत्र बुलाने की मांग
Published on: 

नई दिल्ली : कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आग्रह किया है कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद पैदा हुए हालत के मद्देनजर संसद के दोनों सदनों का विशेष सत्र शीघ्र बुलाया जाये ताकि आतंकवाद के खिलाफ देश के सामूहिक संकल्प और इच्छाशक्ति को व्यक्त किया जा सके।

कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे तथा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोमवार रात प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर यह आग्रह किया। पत्र में खरगे ने कहा, ‘इस समय, जब एकता और एकजुटता जरूरी है, विपक्ष का मानना है कि शीघ्र संसद के दोनों सदनों का विशेष सत्र बुलाया जाए। यह 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में निर्दोष नागरिकों पर हुए क्रूर आतंकवादी हमले से निपटने के लिए हमारे सामूहिक संकल्प और इच्छाशक्ति की एक दृढ़ अभिव्यक्ति होगी।’ उन्होंने कहा,‘हमें आशा है कि सत्र बुलाया जायेगा।’

राहुल गांधी ने पत्र ‘एक्स’ पर साझा करते हुए कहा कि इस महत्वपूर्ण समय में भारत को यह दिखाना होगा कि ‘हम आतंकवाद के खिलाफ हमेशा एक साथ खड़े हैं।’ उन्होंने पत्र में कहा, ‘पहलगाम में हुए आतंकी हमले से हर भारतीय आक्रोशित है। इस महत्वपूर्ण समय में भारत को यह दिखाना होगा कि हम आतंकवाद के खिलाफ हमेशा एक साथ खड़े रहेंगे। विपक्ष का मानना है कि संसद के दोनों सदनों का विशेष सत्र बुलाया जाना चाहिए, जहां जनता के प्रतिनिधि अपनी एकता और दृढ़ संकल्प दिखा सकें।’

राहुल ने कहा,‘हमारा अनुरोध है कि विशेष सत्र जल्द से जल्द बुलाया जाये।’ कांग्रेस से पहले राष्ट्रीय जनता दल, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी और निर्दलीय सांसद कपिल सिब्बल भी पहलगाम हमले को लेकर संसद का विशेष सत्र बुलाने की मांग कर चुके हैं।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in