होर्मुज में तीन जहाजों के बारूदी सुरंग से टकराने का दावा

रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने टैंकरों पर निर्धारित मार्ग का उल्लंघन करने का लगाया आरोप
Claims that three ships struck sea mines in the Strait of Hormuz
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज
Published on: 

दुबई : ओमान के पास गुरुवार को एक टैंकर में आग लगने और उसके डूबने की खबर है। इस बीच, ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने दावा किया कि होर्मुज जलडमरूमध्य में तीन जहाज समुद्री बारूदी सुरंगों से टकराने के बाद आग की चपेट में आ गए। ब्रिटेन की समुद्री व्यापार संचालन एजेंसी (यूकेएमटीओ) के अनुसार, ओमान के मुसंदम प्रायद्वीप में खासाब से करीब 17 किलोमीटर उत्तर में एक जहाज में आग लगने की सूचना मिली। समुद्री सुरक्षा कंपनी वैनगार्ड के मुताबिक, पनामा के झंडे वाले एक टैंकर के कप्तान ने दूसरे जहाज को जलते और काफी हद तक पानी में डूबा देखा। हालांकि, जहाज की पहचान और चालक दल की स्थिति की पुष्टि नहीं हुई है। ईरानी सरकारी मीडिया के अनुसार, रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने आरोप लगाया कि तीन टैंकरों ने निर्धारित मार्ग का उल्लंघन किया, रडार बंद रखा और नौसेना की चेतावनियों की अनदेखी की। इसके बाद वे बारूदी सुरंगों से टकरा गए। इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि ये जहाज यूकेएमटीओ की रिपोर्ट वाले टैंकर से जुड़े थे या नहीं।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News