भारत को घेरने में जुटा चीन, पाक को सैन्य मदद : यूएससीसी

अमेरिकी कांग्रेस के चीन-आर्थिक एवं सुरक्षा समीक्षा आयोग (यूएससीसी) की वार्षिक रिपोर्ट में यह आकलन किया गया
China working to encircle India, providing military aid to Pakistan: USCC
निगरानी करते भारतीय सेना के जवान
Published on: 

वाशिंगटन : चीन ने मई 2025 में भारत-पाकिस्तान संघर्ष के दौरान पाकिस्तान को सैन्य सहायता देकर भारत के बढ़ते प्रभाव को सीमित करने की व्यापक रणनीति पर काम किया। अमेरिकी कांग्रेस के चीन-आर्थिक एवं सुरक्षा समीक्षा आयोग (यूएससीसी) की वार्षिक रिपोर्ट में यह आकलन किया गया है। आयोग ने कहा कि चीन सीमा पर सैन्य दबाव, आर्थिक प्रतिबंधों और समुद्री गतिविधियों के विस्तार के जरिये भारत की रणनीतिक भूमिका सीमित करना चाहता है।

दो मोर्चों पर चुनौती की आशंका

रिपोर्ट के अनुसार, चीन और पाकिस्तान के बीच बढ़ते सैन्य सहयोग से भारत के लिए दो मोर्चों पर एक साथ चुनौती का खतरा गंभीर हुआ है। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 26 लोगों की हत्या के बाद मई 2025 में हुए संघर्ष और ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए आयोग ने कहा कि चीन सीधे युद्ध में शामिल हुए बिना पाकिस्तान की मदद कर सकता है। इससे भविष्य में भारत की सैन्य योजना जटिल हो सकती है।

हिंद महासागर में बढ़ा चीन का दखल

आयोग ने भारत को चीन के लिए बड़ी रणनीतिक चुनौती बताया। उसके मुताबिक, भारत की जनसंख्या, आर्थिक क्षमता, सैन्य ताकत और भौगोलिक स्थिति उसे एशिया में शक्ति संतुलन प्रभावित करने में सक्षम बनाती है। चीन की नौसेना, निगरानी और शोध पोतों की हिंद महासागर में बढ़ती गतिविधियां भारत की समुद्री बढ़त को चुनौती दे रही हैं। चीन नौसैनिक तैनाती लंबी करने के लिए बुनियादी ढांचा और रसद व्यवस्था भी विकसित कर रहा है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News