

नई दिल्ली: राजधानी में दवा व्यापारियों के संगठन RDCA वन दिल्ली ने 20 मई को हड़ताल का ऐलान किया है। इस दौरान दिल्ली के ज्यादातर केमिस्ट अपनी दुकानें बंद रखेंगे।
संगठन ने आम लोगों से अपील की है कि वे किसी भी असुविधा से बचने के लिए अपनी जरूरी दवाएं पहले ही खरीद लें।
यह हड़ताल देशभर के केमिस्टों की कई अहम मांगों को लेकर की जा रही है। इनमें ऑनलाइन दवा बिक्री में अनियमितता, भारी छूट पर दवाओं की बिक्री, एआई आधारित प्रिस्क्रिप्शन का बढ़ता इस्तेमाल, मरीजों की सुरक्षा और छोटी दवा दुकानों के सामने खड़े हो रहे खतरे जैसे मुद्दे शामिल हैं।
हालांकि, हड़ताल के दौरान जरूरी सेवाओं को प्रभावित न करने का भी फैसला लिया गया है। बड़े अस्पतालों, नर्सिंग होम और इमरजेंसी हेल्थकेयर सेंटरों के पास दवाओं की उपलब्धता बनी रहेगी। जीवन रक्षक दवाएं मरीजों को मिलती रहेंगी।
संगठन के मुताबिक, 20 मई की शाम तक हालात सामान्य होने लगेंगे और दवाओं की बिक्री धीरे-धीरे फिर शुरू हो जाएगी।