कैम्पबेल बे पुलिस थाना ने महज 2 घंटे में जघन्य हत्या का सुलझाया मामला

हत्या के मामले में त्वरित खुलासे से पीड़ित परिवार को मिली राहत
कैम्पबेल बे पुलिस थाना ने महज 2 घंटे में जघन्य हत्या का सुलझाया मामला
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

श्री विजयपुरम :निकोबार जिला पुलिस ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के प्रति अपनी तत्परता और प्रतिबद्धता का परिचय देते हुए पुलिस थाना कैम्पबेल बे में दर्ज एक जघन्य हत्या के मामले का महज दो घंटे के भीतर सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया। शनिवार को राजीव नगर, कैम्पबेल बे निवासी श्री गोपाल द्वारा पुलिस थाना कैम्पबेल बे में एक शिकायत दर्ज कराई गई, जिसमें फिश लैंडिंग जेट्टी क्षेत्र के समीप कार्तिक मंडल की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत की सूचना दी गई। शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर तत्काल जांच शुरू कर दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तेजी और पेशेवर तरीके से जांच प्रारंभ की तथा घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एवं अन्य अहम सुराग जुटाए। लगातार प्रयास, तकनीकी इनपुट तथा मैदानी जांच के आधार पर पुलिस ने मामले में शामिल आरोपी की पहचान कर एफआईआर दर्ज होने के मात्र दो घंटे के भीतर उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले का इतनी शीघ्रता से खुलासा एवं आरोपी की गिरफ्तारी पुलिस कर्मियों की समर्पित कार्यशैली, बेहतर समन्वय तथा अथक प्रयासों का परिणाम है। पुलिस अधिकारियों ने पूरी निष्ठा के साथ कार्य करते हुए यह सुनिश्चित किया कि पीड़ित को बिना किसी अनावश्यक विलंब के न्याय मिल सके। पूरे मामले की जांच का नेतृत्व थाना प्रभारी, पुलिस थाना कैम्पबेल बे, इंस्पेक्टर मिथुन कीर्तनिया ने किया। जांच की निगरानी एसडीपीओ कैम्पबेल बे सैमुअल फ्रेड द्वारा की गई, जबकि संपूर्ण कार्रवाई निकोबार जिले के पुलिस अधीक्षक राहुल एल. नायर, आईपीएस के समग्र पर्यवेक्षण में संपन्न हुई।

पुलिस ने एफआईआर दर्ज होने के रिकॉर्ड दो घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया। निकोबार जिला पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी अपराध अथवा अन्य अवैध गतिविधियों से संबंधित जानकारी पुलिस को हेल्पलाइन नंबर 112, 03192-265242, 03192-223265 अथवा मोबाइल नंबर 9531856152 पर दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।


Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in