

बीजिंग : चीन और उत्तर कोरिया के बीच 12 साल से अधिक की देरी के बाद गुरुवार को नया पुल शुरू हो गया। इससे दोनों देशों के बीच व्यापार और आर्थिक सहयोग बढ़ने की उम्मीद है। तीन किलोमीटर लंबा और चार लेन वाला न्यू यालू रिवर ब्रिज चीन के डांडोंग शहर को उत्तर कोरिया के सिनुइजू से जोड़ता है। उद्घाटन समारोह में प्रधानमंत्री ली छ्यांग ने कहा कि पुल दोनों देशों की पारंपरिक मित्रता का प्रतीक बनेगा और सीमावर्ती क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाएगा। पुल का इस्तेमाल 2014 में शुरू होना था, लेकिन उत्तर कोरिया की ओर निर्माण कार्य पूरा नहीं होने से परियोजना अटक गई। नया पुल दोनों देशों के बीच पुराने पुल पर यातायात का दबाव घटाएगा। पुराने पुल से दोनों देशों का 70 प्रतिशत से अधिक आधिकारिक व्यापार होता है, लेकिन वहां वाहनों की आवाजाही एक समय में एक ही दिशा में हो सकती है। हाल के वर्षों में उत्तर कोरिया ने रूस से संबंध मजबूत किए हैं। वहीं, चीन उसके सबसे बड़े व्यापारिक साझेदार के रूप में अपना प्रभाव बनाए रखना चाहता है।