पश्चिम बंगाल के कई डाकघरों और कोलकाता के पासपोर्ट सेवा केंद्र को बम से उड़ाने की धमकी

कोलकाता पासपोर्ट सेवा केंद्र को बम से उड़ाने की धमकी, हाई अलर्ट पर सरकारी कार्यालय
पश्चिम बंगाल के कई डाकघरों और कोलकाता के पासपोर्ट सेवा केंद्र को बम से उड़ाने की धमकी
Published on

कोलकाता : पश्चिम बंगाल के कई डाकघरों और कोलकाता के पासपोर्ट सेवा केंद्र को बृहस्पतिवार को बम से उड़ाने की धमकी मिली जिसके बाद परिसर को तुरंत खाली कराया गया तथा व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि बम की धमकी ईमेल के जरिए मिली थी।

एक अधिकारी ने बताया कि हावड़ा के महात्मा गांधी रोड स्थित डाकघर में ही पासपोर्ट सेवाएं भी उपलब्ध हैं और यहां एक ईमेल प्राप्त हुआ जिसमें दावा किया गया था कि इमारत में बम रखा गया है। धमकी के बाद हावड़ा पुलिस की एक टीम ने इलाके को घेर लिया और सभी कर्मचारियों तथा आगंतुकों को बाहर निकाल लिया। यहां एक अधिकारी ने बताया कि इमारत को खाली कराने के बाद पुलिस बम निरोधक दस्ते और श्वान दस्ते के साथ कोलकाता में पासपोर्ट सेवा केंद्र की तलाशी ली।

हावड़ा डाकघर के एक कर्मचारी ने बताया, “हम काम कर रहे थे तभी हमें धमकी भरे ईमेल के बारे में पता चला। सभी को तुरंत बाहर जाने के लिए कहा गया।” पश्चिम बर्धमान जिले के आसनसोल और पूर्वी बर्धमान जिले के कटवा स्थित डाकघरों में भी इसी तरह की बम की धमकियों की सूचना मिली। डाक विभाग के अधिकारियों ने बताया कि ईमेल के जरिए कर्मचारियों से संभावित विस्फोट से पहले परिसर खाली करने का आग्रह किया गया। धमकी के चलते कर्मचारियों और आवेदकों के भयभीत होकर बाहर भागने के कारण सेवाएं तत्काल निलंबित कर दी गईं।

आसनसोल डाकघर के एक कर्मचारी ने कहा, “ईमेल में बम की धमकी के कारण विभाग ने हमें बाहर निकलने के लिए कहा है। हम फिलहाल पुलिस और विशेष टीम के आने का इंतजार कर रहे हैं।” पुलिस ने बताया कि सभी प्रभावित स्थानों पर तलाशी अभियान जारी है। हालांकि फिलहाल कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली है, लेकिन राज्य भर के प्रमुख सरकारी कार्यालयों और डाक केंद्रों पर ‘हाई अलर्ट’ जारी कर दिया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि ईमेल के स्रोत का पता लगाने और यह सुनिश्चित करने के प्रयास जारी हैं कि क्या ये धमकियां पश्चिम बंगाल की दीवानी अदालतों में हाल ही में हुई बम की झूठी धमकी से जुड़ी हैं।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in