

नई दिल्ली - दिल्ली के नेहरू विहार में एक नाबालिग लड़की का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है। प्राथमिक मेडिकल जांच में लड़की के साथ दुष्कर्म की संभावना जताई गई है। लड़की के चेहरे पर चोट के भी निशान पाए गए हैं। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है मामला ?
दिल्ली के नेहरू विहार में 9.5 साल की एक नाबालिग लड़की का शव मिलने से सनसनी फैल गई है। लड़की पांचवीं क्लास की छात्रा थी। परिवार के मुताबिक वह घर से बर्फ लेने निकली थी, लेकिन करीब एक घंटे बाद जब वह वापस नहीं लौटी तो उन्होंने मोहल्ले में तलाश शुरू की। किसी ने बताया कि लड़की को पड़ोस के फ्लैट में जाते हुए देखा गया था। परिवार वहां पहुंचा तो फ्लैट पर ताला लगा था। ताला तोड़ने पर एक सूटकेस में लड़की का शव मिला, जिसमें उसके चेहरे पर चोट के निशान भी थे।
लड़की का घर और वह फ्लैट केवल तीन मकानों की दूरी पर है। पुलिस के अनुसार, 7 जून की रात दयालपुर थाने को आठ बजकर 41 मिनट पर एक कॉल आई थी जिसमें बताया गया कि लड़की बेहोश है और उसके पिता उसे जेपीसी अस्पताल लेकर आए हैं। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच में दुष्कर्म की आशंका जताई गई है। क्राइम ब्रांच और फॉरेंसिक टीम मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 103(1), 66, 13(2) और पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया है और आरोपियों की खोज शुरू कर दी है। दिल्ली पुलिस आरोपी को पकड़ने के लिए दिल्ली, गाजियाबाद, अमरोहा, मेरठ और अलीगढ़ में छापेमारी कर रही है।
दिल्ली में अपराध के आंकड़े
हाल ही में दिल्ली पुलिस ने वर्ष 2025 के पहले तीन महीनों के अपराध आंकड़े जारी किए हैं। इन आंकड़ों के अनुसार महिलाओं के खिलाफ अपराधों में 2024 की तुलना में कमी देखी गई है। रिपोर्ट बताती है कि बलात्कार के मामलों में 19 प्रतिशत और छेड़छाड़ एवं ईव टीजिंग के मामलों में लगभग 15 प्रतिशत की गिरावट हुई है। पुलिस ने कहा है कि वह अपराध रोकने के लिए कई प्रभावी कदम उठा रही है। जहां तक हत्या की बात है, वर्ष 2023 में कुल 115 हत्या की घटनाएं हुई थीं, जो 2024 में घटकर 105 और 2025 में 107 दर्ज की गईं। पुलिस अपराध नियंत्रण के लिए तकनीक का भी भरपूर इस्तेमाल कर रही है। सीसीटीवी कैमरे, क्राइम मैपिंग और डेटा एनालिटिक्स जैसे आधुनिक उपकरणों की मदद से अपराध के हाई रिक्स वाले इलाकों की पहचान में सफलता मिली है।