कांग्रेस एमएलए के खिलाफ टिप्पणी, गिरफ्तारी के बाद भाजपा कर्मी ने की आत्महत्या

व्हाट्सएप पर टिप्पणी का मामला
सांकेतिक तस्वीर
सांकेतिक तस्वीर
Published on

बेंगलुरु : कांग्रेस विधायक ए एस पोन्नन्ना के खिलाफ टिप्पणी करने के आरोप में गिरफ्तार किए गए भाजपा के एक कार्यकर्ता ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बताया कि कोडगू जिले के मूल निवासी विनय सोमैया (30) ने एक कार्यालय में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

पुलिस को मिले कथित ‘सुसाइड नोट’ में भाजपा कर्मी ने कहा है कि लगभग दो महीने पहले, उसे कांग्रेस कार्यकर्ता टेनेरा मैना की शिकायत पर मादिकेरी पुलिस ने गिरफ्तार किया था। यह शिकायत विराजपेट के कांग्रेस विधायक पोन्नन्ना के खिलाफ सोशल मीडिया पर कुछ टिप्पणी करने के संबंध में की गयी थी। पोन्नन्ना मुख्यमंत्री सिद्धरमैया के कानूनी सलाहकार हैं। बताया जा रहा है कि जिस व्हाट्सएप ग्रुप में विवादित टिप्पणी की गयी थी विनय उस व्हाट्सएप ग्रुप का एडमिन था। विनय को बाद में जमानत पर रिहा कर दिया गया था। सुसाइड नोट में भाजपा कार्यकर्ता ने आरोप लगाया कि उसके खिलाफ दर्ज प्राथमिकी राजनीति से प्रेरित थी. जिसके कारण उसके परिवार को अपमान का सामना करना पड़ा, जिससे वह परेशान था। न्याय की मांग करते हुए भाजपा कार्यकर्ता ने आग्रह किया कि सुसाइड नोट में नामित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।

पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद मामले की जांच की जाएगी। सोमैया के लिए न्याय की मांग को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने मादिकेरी में प्रदर्शन किया। गृह मंत्री जी परमेश्वर ने संवाददाताओं से कहा कि पुलिस मामले की जांच करेगी। उन्होंने कहा, ‘संबंधित पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) जांच करेंगे और जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।’ शिकारीपुरा में पत्रकारों से भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष बी वाई विजयेंद्र ने गृह मंत्री से सोमैया की आत्महत्या के मामले पर गंभीरता से विचार करने और मामले में विधायक या किसी अन्य प्रभावशाली व्यक्ति की संलिप्तता की जांच करने तथा आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया। सोमैया की मौत के मामले में न्याय की मांग करते हुए उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरकार निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने में विफल रहती है और तत्काल सख्त कार्रवाई नहीं करती है तो भाजपा विरोध प्रदर्शन करेगी।


Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in