एनएच-4 की बदहाल स्थिति और वर्षा जनित नुकसान पर भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त से की मुलाकात

एनएच-4 की बदहाल स्थिति और वर्षा जनित नुकसान पर भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त से की मुलाकात
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

श्री विजयपुरम :भाजपा की मयाबंदर जिला अध्यक्ष उर्मिल कुमारी, राज्य कार्यकारिणी सदस्य एवं पंचायत समिति सदस्य दिलीप कुमार दास, जिला परिषद सदस्य चंद्रावती तथा बसंतीपुर बूथ अध्यक्ष बसुदेव राय ने उत्तर एवं मध्य अंडमान के उपायुक्त सुशांत पाधा से मुलाकात कर थोराटांग पुल से बसंतीपुर गांव तक राष्ट्रीय राजमार्ग-4 की अत्यंत खराब स्थिति का मुद्दा उठाया। प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को बताया कि सड़क की हालत लगातार बिगड़ती जा रही है, जिससे यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है और दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि अगले महीने विद्यालय खुलने वाले हैं और सड़क की जर्जर स्थिति का सबसे अधिक प्रभाव स्कूली बच्चों पर पड़ेगा, जिन्हें प्रतिदिन इसी मार्ग से आवागमन करना होगा। प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त से अनुरोध किया कि वे संबंधित विभागों के साथ इस विषय को प्राथमिकता से उठाएं तथा सड़क की मरम्मत एवं पुनर्स्थापन का कार्य शीघ्र शुरू करवाएं ताकि आम जनता को राहत मिल सके। इस दौरान दिलीप कुमार दास ने हाल ही में हुई भारी वर्षा और प्रतिकूल मौसम के कारण प्रभावित लोगों को उचित मुआवजा एवं राहत प्रदान करने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि अनेक लोगों के मकानों, कृषि भूमि और अन्य संपत्तियों को नुकसान पहुंचा है तथा ऐसे प्रभावित परिवारों को प्रशासन की ओर से तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जानी चाहिए। उपायुक्त ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि उनके द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों की जांच की जाएगी तथा प्रशासनिक नियमों और प्रावधानों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in