बजट से आगे भी सरकार की पहचान, सुधारों की ‘रिफॉर्म एक्सप्रेस’ ने पकड़ी रफ्तार: पीएम मोदी

आर्थिक सर्वे पेश होने से पहले संसद को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि देश का ध्यान इस समय केंद्रीय बजट पर केंद्रित होना स्वाभाविक है
बजट से आगे भी सरकार की पहचान, सुधारों की ‘रिफॉर्म एक्सप्रेस’ ने पकड़ी रफ्तार: पीएम मोदी
Published on

अंजलि भाटिया

नई दिल्ली : आर्थिक सर्वे पेश होने से पहले संसद को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि देश का ध्यान इस समय केंद्रीय बजट पर केंद्रित होना स्वाभाविक है, क्योंकि बजट देश की आर्थिक दिशा और विकास की प्राथमिकताओं को तय करता है। लेकिन उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की पहचान केवल बजट तक सीमित नहीं रही है। बीते वर्षों में ‘रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म’ की नीति के जरिए सरकार ने विकास को नई गति दी है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत अब सुधारों की ‘रिफॉर्म एक्सप्रेस’ पर सवार होकर तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। यह यात्रा सिर्फ सरकार की नहीं, बल्कि संसद के सभी सदस्यों के सकारात्मक सहयोग का परिणाम है। उन्होंने सांसदों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि इसी सामूहिक ऊर्जा के कारण देश पुरानी समस्याओं के दायरे से बाहर निकलकर स्थायी और दूरगामी समाधान की ओर बढ़ रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी ने भारत और यूरोपीय संघ के बीच हुए मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को आत्मनिर्भर और प्रतिस्पर्धी भारत की ओर बढ़ता एक अहम कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह समझौता देश के उज्ज्वल भविष्य और भारतीय युवाओं के लिए नए अवसरों के द्वार खोलता है। पीएम मोदी ने भरोसा जताया कि यह एफटीए आत्मविश्वासी, उत्पादक और प्रतिस्पर्धी भारत के निर्माण में अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि मौजूदा तिमाही की शुरुआत बेहद सकारात्मक रही है और आज भारत वैश्विक मंच पर उम्मीद की किरण बनकर उभरा है। उन्होंने इस समझौते को महत्वाकांक्षी भारत के लिए मुक्त व्यापार, आकांक्षी युवाओं के लिए मुक्त व्यापार और आत्मनिर्भर भारत के लिए मुक्त व्यापार करार दिया। प्रधानमंत्री ने विशेष रूप से भारतीय निर्माताओं से इस अवसर का पूरा लाभ उठाने का आह्वान किया।

देश के दीर्घकालिक विकास लक्ष्यों पर बात करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि 21वीं सदी का पहला चौथाई हिस्सा पूरा हो चुका है और अब एक नए चरण की शुरुआत हो रही है। विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को हासिल करने के लिए आने वाले 25 साल बेहद महत्वपूर्ण होंगे। उन्होंने बताया कि इस नए चरण का पहला बजट जल्द ही संसद में पेश किया जाएगा।

नौवीं बार बजट पेश करेंगी निर्मला सीतारमण

प्रधानमंत्री मोदी ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की भूमिका का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि निर्मला सीतारमण देश की पहली महिला वित्त मंत्री हैं, जो लगातार नौवीं बार संसद में बजट पेश करने जा रही हैं। इसे उन्होंने संसदीय इतिहास का गौरवपूर्ण क्षण बताया।

प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति के अभिभाषण का उल्लेख करते हुए कहा कि यह 140 करोड़ भारतीयों के विश्वास, सामर्थ्य और आकांक्षाओं की अभिव्यक्ति है, विशेषकर देश के युवाओं की उम्मीदों की। उन्होंने भरोसा जताया कि राष्ट्रपति द्वारा संसद सदस्यों को दिए गए संदेश को सभी सांसद गंभीरता से आत्मसात करेंगे।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in