

बेंगलुरु : ‘बेंगलुरु टेक समिट’ में भारत की तीन कंपनियों द्वारा विकसित चार पैरों वाले रोबोटों के बीच दौड़ आयोजित की गई, जिसमें जनरल ऑटोनॉमी प्राइवेट लिमिटेड का रोबोट ‘परम’ विजेता बना।
समिट के 29वें संस्करण के उद्घाटन सत्र से पहले, मंगलवार को आयोजित इस दौड़ का उद्देश्य रोबोटिक्स, स्वायत्त तकनीक और फिजिकल एआई के क्षेत्र में भारत की बढ़ती क्षमताओं का प्रदर्शन करना था। दौड़ के दौरान रोबोटों को विशेष रूप से तैयार किए गए ट्रैक पर एक चक्कर लगाकर वापस शुरुआती स्थान पर पहुंचना था। सबसे कम समय में यह दूरी पूरी करने वाले रोबोट को विजेता घोषित किया गया।
कंपनी के अनुसार, ‘परम’ ने 4.3 मीटर प्रति सेकंड की अधिकतम गति दर्ज की। इसे कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में चलने के लिए तैयार किया गया है और रक्षा एवं मनोरंजन के क्षेत्र में इसका इस्तेमाल किया जा सकता है। जनरल ऑटोनॉमी मुख्य रूप से रक्षा क्षेत्र के लिए चार पैरों वाले और ह्यूमनॉइड रोबोट विकसित करती है। दौड़ में एक्सटेरा रोबोटिक्स का ‘धव’ और स्ट्राइडर रोबोटिक्स का ‘एम3’ भी शामिल हुए। ‘धव’ को औद्योगिक और सुरक्षा संबंधी कार्यों के लिए विकसित किया गया है। यह दुर्गम औद्योगिक स्थानों पर निगरानी करने और विभिन्न प्रकार के आंकड़े जुटाने में सक्षम है।
कंपनी के मुताबिक, ‘धव’ खुले दरवाजों और निगरानी वाले क्षेत्रों में लोगों की आवाजाही का पता लगाने के साथ निर्माण स्थलों के त्रिआयामी (3डी) नक्शे तैयार करने, निर्माण कार्य की प्रगति पर नजर रखने और इमारतों में दरार जैसी संरचनात्मक खामियों की पहचान करने में भी सक्षम है। दौड़ में ‘एम3’ तीसरे स्थान पर रहा। इसे भारतीय विज्ञान संस्थान (आईआईएससी) में रक्षा क्षेत्र के सहयोग से विकसित किया गया था। शुरुआत में रक्षा क्षेत्र के लिए तैयार इस रोबोट का इस्तेमाल अब औद्योगिक निगरानी, निर्माण स्थलों की देखरेख और सुरक्षा संबंधी कार्यों में भी किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, ‘एम3’ की एक प्रमुख विशेषता लगभग 45 किलोग्राम वजन उठाने की क्षमता है, जो ‘धव’ की क्षमता से अधिक है। हालांकि, एक्सटेरा के नयी पीढ़ी के रोबोट भी अब लगभग इतनी ही भार वहन क्षमता प्रदान करते हैं।