रियासी में बांग्लादेशी गिरफ्तार

अवैध रूप से बिना पासपोर्ट-वीजा पहुंचा था कटरा
रियासी में बांग्लादेशी गिरफ्तार
Published on: 

जम्मू (जे के ब्यूरो) : जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले के कटरा से बिना वैध यात्रा दस्तावेजों के भारतीय क्षेत्र में प्रवेश करने के आरोप में बांग्लादेश के एक नागरिक को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि माता वैष्णो देवी तीर्थयात्रियों के आधार शिविर एशिया चौक के पास नियमित जांच कर रहे पुलिस के एक दल ने फहीम अहमद को संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त पाया। पुलिसकर्मियों को देखकर अहमद ने छिपने की कोशिश की लेकिन अंततः उसे पकड़ लिया गया। अहमद के पास से एक बांग्लादेशी पहचान पत्र कथित तौर पर मिला हालांकि, वह भारत में अपनी उपस्थिति का औचित्य सिद्ध करने के लिए कोई वैध यात्रा दस्तावेज, वीजा या पासपोर्ट नहीं दिखा सका।

पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला कि अहमद ने आव्रजन कानूनों का उल्लंघन करते हुए अनधिकृत तरीकों से भारत में प्रवेश किया। प्रवक्ता ने बताया कि कटरा थाने में विदेशी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत एक प्राथमिकी दर्ज कर उसके अवैध प्रवेश के पीछे के मकसद और संभावित संबंधों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। रियासी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक परमवीर सिंह ने त्वरित कार्रवाई के लिए टीम की प्रशंसा की और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस की प्रतिबद्धता पर जोर दिया। उन्होंने नागरिकों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना निकटतम पुलिस इकाई को देने का आग्रह किया।


सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News