बांग्लादेश : हसीना की वापसी से पहले सुरक्षा बढ़ी

अवामी लीग ने 2 दिन बंद का किया ऐलान
Dhaka
शेख हसीना
Published on: 

ढाका : बांग्लादेश में शेख हसीना की संभावित वापसी को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। इस बीच उनकी पार्टी अवामी लीग ने 27 और 28 नवंबर को देशव्यापी लॉकडाउन की घोषणा की है। पार्टी ने इसके लिए आठ मांगें रखी हैं। इनमें अवामी लीग से प्रतिबंध हटाने और जेल में बंद राजनीतिक नेताओं व कार्यकर्ताओं की रिहाई प्रमुख हैं। दूसरी ओर, देश में बढ़ती अशांति को देखते हुए सरकार ने सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, नवंबर महीने में अब तक आगजनी की लगभग 100 घटनाएं सामने घट चुकी हैं।

सीमावर्ती सात जिलों में BGB की 108 टुकड़ियां तैनात : शेख हसीना की वापसी की आशंका के बीच तारिक रहमान सरकार ने सीमा पर निगरानी बढ़ा दी है। इसके तहत सात सीमावर्ती जिलों में बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) की 108 टुकड़ियों को लगाया गया है। सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने के लिए ड्रोन और बॉडी कैमरों का इस्तेमाल किया जा रहा है। पुलिस ने भी गश्त तेज कर दी है। जगह-जगह जांच केंद्र बनाकर संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही है। वहीं, सीमा से सटे 30 जिलों के प्रशासन को संवेदनशील मार्गों पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया है।

ग्रामीण बैंक की करीब 100 शाखाएं बनीं निशाना : बांग्लादेश में हमलों का असर ग्रामीण बैंक पर भी पड़ा है। मुहम्मद यूनुस द्वारा स्थापित इस बैंक की शाखाओं में तोड़फोड़ और हमले की घटनाएं सामने आई हैं। बैंक की 24 नवंबर को जारी आंतरिक रिपोर्ट के मुताबिक, 10 नवंबर से अब तक 15 दिनों के भीतर देशभर में इसकी करीब 100 शाखाओं को निशाना बनाया गया है। इस बीच, गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद ने अवामी लीग को लेकर सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि पार्टी को भविष्य में राजनीतिक गतिविधियां चलाने की इजाजत नहीं दी जाएगी और उस पर स्थायी प्रतिबंध लगाया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि समझौते के तहत नई दिल्ली के साथ बातचीत जारी है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News