

ढाका : बांग्लादेश के दक्षिण-पूर्वी जिले कॉक्स बाजार में शनिवार को समुद्र तट के पास स्थित एक ‘रिसॉर्ट’ में आग लगने से 10 लोगों की मौत हो गई और नौ अन्य घायल हो गए। उखिया थाने के प्रभारी मोहम्मद अतिकुर रहमान मजूमदार के अनुसार, सुबह करीब साढ़े छह बजे कॉक्स बाजार के इनानी स्थित टुपटुप रेस्टो एंड रिसॉर्ट में आग लगी। दमकल सेवा के प्रवक्ता तल्हा बिन जासिम ने कहा कि ‘रिसॉर्ट’ में आग लगने से 10 लोगों की मौत हो गई और नौ अन्य घायल हो गए। कॉक्स बाजार सदर अस्पताल के रेजिडेंट मेडिकल अधिकारी सबुक्तागिन महमूद सोहेल ने बताया कि घायलों में से पांच झुलस गए। झुलसने वाले सभी पांच मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।’’ कॉक्स बाजार अग्निशमन सेवा के उप सहायक निदेशक सैयद मुहम्मद मुर्शेद हुसैन ने कहा कि आग में पूरा ढांचा जलकर खाक हो गया। कॉक्स बाजार के उपायुक्त ए मन्नान ने कहा कि अब तक छह शव बरामद किए गए हैं। उन्होंने बताया कि शवों को परिजनों को सौंपने से पहले डीएनए नमूने लिए जाएंगे। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।