मंगलुरु : मंगलुरु समेत तटीय कर्नाटक के अनेक इलाकों में बढ़ते सांप्रदायिक तनाव और गुरुवार शाम विहिप कार्यकर्ता सुहास शेट्टी की हत्या के बाद शुक्रवार को मंगलुरु और आसपास के इलाकों में अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों पर हमला किया गया जिसकी पुलिस जांच कर रही है। पुलिस ने बताया कि वह इन हमलों और दक्षिण कन्नड़ जिले में हाल की घटनाओं के बीच संभावित संबंधों की जांच कर रही है। कुंतीकन में हुए हमले के संबंध में सीसीटीवी फुटेज हासिल कर लिया गया और जांच जारी है। इस प्रकार की पहली घटना में कार सवार अज्ञात हमलावरों ने कुंतीकन इलाके के पास मछली व्यापार से जुड़े उल्लाल निवासी लुकमान पर हमला करने का प्रयास किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक राहगीर महिला द्वारा शोर मचाने पर हमलावर मौके से भाग गए आर लुकमान की जान बच गयी। लुकमान को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। हमले के प्रयास के सीसीटीवी फुटेज को जांचकर्ता खंगाल रहे हैं और घटना में शामिल हमलावरों की तलाश की जा रही है।
कन्नूर में एक अन्य युवक पर हमला ः मंगलुरु के बाहरी इलाके कन्नूर में हुई एक अन्य घटना में तीन अज्ञात व्यक्तियों ने एक अन्य युवक नौशाद पर उस समय हमला कर दिया जब वह कथित तौर पर बाजार जा रहा था। उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसका इलाज चल रहा है। ये दोनों घटनाएं एक मई को यहां हिंदू कार्यकर्ता सुहास शेट्टी की नृशंस हत्या के बाद तटीय कर्नाटक में बढ़े सांप्रदायिक तनाव के बीच हुई हैं। लिहाजा पुलिस इन घटनाओं में आपसी संबन्ध की भी जांच कर रही है।