

पेशावर : पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी प्रांत खैबर पख्तूनख्वा में शुक्रवार को एक बस के गहरी खाई में गिर जाने से महिलाओं और बच्चों समेत कम से कम 40 लोगों की मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ, जब पेशावर जा रही बस बलूचिस्तान के शेरानी जिले को पार करने के बाद खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के डेरा इस्माइल खान जिले में दाखिल हुई। अधिकारियों ने बताया कि आठ लोगों को बचा लिया गया और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस बात की आशंका है कि पहाड़ी इलाके में एक दुर्गम मोड़ से गुजरते समय बस के ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया, जिससे वह फिसलकर सड़क से नीचे खाई में गिर गई। अधिकारियों ने बताया कि हादसे के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। दुर्गम भूभाग, खराब मौसम और यातायात नियमों के लगातार उल्लंघन जैसे कारकों की वजह से खैबर पख्तूनख्वा के पहाड़ी इलाकों में सड़क दुर्घटनाएं होना आम बात है।