

सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजय पुरम – अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह की आशा कार्यकर्ताओं के लिए 17 सितंबर का दिन महत्वपूर्ण रहा। केंद्र सरकार द्वारा आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में बढ़ोतरी किए जाने के बाद अब द्वीप समूह में कार्यरत आशा कार्यकर्ताओं को प्रतिमाह पांच हजार रुपये मानदेय मिलेगा। पहले उन्हें दो हजार रुपये प्रतिमाह मिलते थे।
बढ़ा हुआ मानदेय एक अप्रैल 2026 से प्रभावी किया गया है। इसके साथ ही अप्रैल से अब तक की बकाया राशि भी आशा कार्यकर्ताओं के खातों में हस्तांतरित की जा रही है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, प्रत्येक कार्यकर्ता को लगभग बीस हजार रुपये तक की बकाया राशि प्राप्त हो रही है।
इस संबंध में आपदा प्रबंधन विभाग में आयोजित कार्यक्रम में अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह के सांसद बिष्णु पद रे सहित प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में आशा कार्यकर्ताओं को बढ़े हुए मानदेय की बकाया राशि प्रदान किए जाने की प्रक्रिया शुरू की गई। बताया गया कि द्वीप समूह में 432 से अधिक आशा कार्यकर्ता कार्यरत हैं, जो विभिन्न क्षेत्रों में जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं को लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद बिष्णु पद रे ने आशा कार्यकर्ताओं से सेवा भावना के साथ कार्य जारी रखने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि मानदेय में बढ़ोतरी के लिए केंद्र सरकार और संबंधित मंत्रालय के स्तर पर प्रयास किए गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्रशासित प्रदेश प्रशासन की ओर से मिलने वाले अतिरिक्त मानदेय में बढ़ोतरी के लिए भी प्रयास जारी हैं।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से बताया गया कि केंद्र सरकार द्वारा आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय को बढ़ाकर पांच हजार रुपये किया गया है। इसके अतिरिक्त केंद्रशासित प्रदेश प्रशासन की ओर से पांच सौ रुपये का अतिरिक्त मानदेय दिया जा रहा है। इस प्रकार वर्तमान में आशा कार्यकर्ताओं को कुल पांच हजार पांच सौ रुपये प्रतिमाह प्राप्त हो रहे हैं।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने आशा कार्यकर्ताओं की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि वे मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। अधिकारियों ने कहा कि दूरदराज क्षेत्रों में कार्य करने वाली इन कार्यकर्ताओं के समर्पण को देखते हुए उनके मानदेय में बढ़ोतरी महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम के दौरान आशा कार्यकर्ताओं ने मानदेय में वृद्धि और बकाया राशि मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की।