

तायबे (इजराइल) : इजराइल में प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को सत्ता से हटाने के लिए अरब राजनीतिक दलों ने यहूदी नेतृत्व वाले विपक्षी दलों के साथ मिलकर काम करने की इच्छा जताई है। अरब जॉइंट लिस्ट के वरिष्ठ नेता अहमद तिबी ने कहा कि उनका गठबंधन नेतन्याहू सरकार को हटाने के लिए पहले की परंपराओं से हटकर भी कदम उठाने को तैयार है। तिबी के अनुसार, जॉइंट लिस्ट नेतन्याहू विरोधी सरकार को बाहर से समर्थन दे सकती है, लेकिन उसमें शामिल नहीं होगी। इससे विपक्षी दलों को सरकार बनाने में मदद मिल सकती है। हालांकि, इस गठबंधन को लेकर इजराइली राजनीति में मतभेद हैं। कुछ विपक्षी नेता अरब दलों के समर्थन के पक्ष में हैं, जबकि अन्य उनके राजनीतिक रुख पर सवाल उठाते हैं। इजराइल की 120 सदस्यीय संसद में नेतन्याहू के गठबंधन को 53 और विपक्षी दलों को 48 सीटें मिली हैं। वहीं, जॉइंट लिस्ट को 11 और अरब पार्टी राम को आठ सीटें मिली हैं। ऐसे में सरकार गठन के लिए इन दलों का समर्थन अहम हो गया है। तिबी ने कहा कि नेतन्याहू विरोधी सरकार बनने से फिलिस्तीनी नागरिकों की स्थिति में सुधार हो सकता है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इससे गाजा और लेबनान में जारी युद्ध समाप्त होने की गारंटी नहीं है।