

सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजयपुरम : द्वीपसमूह में मादक पदार्थों की तस्करी और नशे के दुरुपयोग के खिलाफ अपनी प्रतिबद्धता को जारी रखते हुए एंटी नारकोटिक्स पुलिस स्टेशन ने एक विशेष अभियान के दौरान 940 ग्राम अवैध गांजा बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई 12 मई 2026 को जंगलीघाट स्थित कैप्टन असीम कुमार भट्टाचार्य पार्क के निकट की गई। विशेष खुफिया सूचना के आधार पर एंटी नारकोटिक्स पुलिस स्टेशन के थाना प्रभारी इंस्पेक्टर के. बिनोज के नेतृत्व में एक समर्पित पुलिस टीम ने अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस टीम ने प्रेम नगर निवासी 34 वर्षीय निजी श्रमिक मनीरुल सरदार को श्री विजयापुरम स्थित इलेक्ट्रिसिटी साइट ऑफिस के पास ट्रॉली बैग के साथ रोका। तलाशी लेने पर उसके बैग से 940 ग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसे छिपाकर रखा गया था। बरामद मादक पदार्थ को जब्त कर एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के तहत सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में अन्य सह आरोपियों तथा आपूर्ति श्रृंखला का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है। यह छापेमारी डीएसपी (नारकोटिक्स) सुमा मड्डा, के पर्यवेक्षण में की गई। अंडमान एवं निकोबार पुलिस ने आम जनता से भी सतर्क रहने तथा मादक पदार्थों की तस्करी या नशे से संबंधित किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को देने की अपील की है।