अंडमान में बदहाल सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं के खिलाफ एएनटीसीसी का जोरदार प्रदर्शन

अंडमान में बदहाल सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं के खिलाफ एएनटीसीसी का जोरदार प्रदर्शन
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

श्री विजयपुरम : अंडमान एवं निकोबार प्रादेशिक कांग्रेस कमिटी ने अपने अध्यक्ष रंगालाल हलदर के नेतृत्व में 10 जुलाई, 2026 को अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह में सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की लगातार बिगड़ती स्थिति के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन पोर्ट ब्लेयर स्थित ऐतिहासिक सेल्युलर जेल के सामने आयोजित किया गया, जहां कांग्रेस नेताओं ने द्वीपसमूह के विभिन्न सरकारी चिकित्सा संस्थानों में व्याप्त अनेक कमियों को प्रमुखता से उठाया। प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने विशेषज्ञ चिकित्सकों की भारी कमी, आवश्यक दवाओं की अपर्याप्त उपलब्धता, जांच सुविधाओं की कमी, उपचार में हो रही देरी, स्वास्थ्य कर्मियों की कमी तथा सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की लगातार गिरती गुणवत्ता पर गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने प्रशासन से इन सभी समस्याओं के समाधान के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने तथा द्वीपवासियों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी जनता के स्वास्थ्य एवं कल्याण की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी। इस विरोध प्रदर्शन में अंडमान एवं निकोबार प्रादेशिक कांग्रेस कमिटी की अभियान समिति के अध्यक्ष, टीसीसी सदस्य, वरिष्ठ कांग्रेस नेता, जिला कांग्रेस समिति दक्षिण अंडमान, विभिन्न ब्लॉक कांग्रेस समितियां, सिटी कांग्रेस समिति, महिला कांग्रेस समिति, युवा कांग्रेस समिति, इंटक प्रतिनिधि, इंटक (फेडरेशन) के प्रतिनिधि, जवाहर बाल मंच, फिशरमैन कांग्रेस, असंगठित श्रमिक एवं कर्मचारी कांग्रेस के प्रतिनिधि, राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के प्रतिनिधि, मंडल समिति के सदस्य, नगर पार्षद, पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं समर्थक उपस्थित रहे। प्रदर्शन के उपरांत अंडमान एवं निकोबार प्रादेशिक कांग्रेस कमिटी के एक प्रतिनिधिमंडल ने स्वास्थ्य सेवाओं के निदेशक को एक ज्ञापन सौंपते हुए प्रशासन से संबंधित अधिकारियों के माध्यम से तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने और अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह की स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की मांग की। अंडमान एवं निकोबार प्रादेशिक कांग्रेस समिति ने पुनः दोहराया कि जब तक द्वीपसमूह के प्रत्येक निवासी को सुलभ, किफायती एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध नहीं हो जातीं, तब तक पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से जनता की आवाज उठाती रहेगी और इस मुद्दे पर अपना संघर्ष जारी रखेगी।


Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in