आगामी 9 अप्रैल से ‘लिटिल अंडमा न प्रो 2026’ राष्ट्रीय सर्फिंग चैंपियनशिप के आयोजन की घोषणा

बटलर बे तट पर सजेगा सर्फिंग का महासंग्राम
आगामी 9 अप्रैल से ‘लिटिल अंडमा न प्रो 2026’ राष्ट्रीय सर्फिंग चैंपियनशिप के आयोजन की घोषणा
Published on

9 से 12 अप्रैल तक राष्ट्रीय प्रतियोगिता

सन्मार्ग संवाददाता

श्री विजयपुरम : अंडमान तथा निकोबार द्वीपसमूह के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में, पर्यटन विभाग ने सर्फिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के सहयोग से पहली बार लिटिल अंडमान में ‘लिटिल अंडमान प्रो 2026’ नामक राष्ट्रीय स्तर की सर्फिंग चैंपियनशिप आयोजित करने की घोषणा की है। यह प्रतियोगिता 9 से 12 अप्रैल तक मनमोहक बटलर बे तट पर आयोजित होगी, जो द्वीपों में जल क्रीड़ाओं के एक नए युग की शुरुआत का प्रतीक है। ‘लिटिल अंडमान प्रो 2026’ का विशेष महत्व इस बात से भी बढ़ जाता है कि यह भारत के सर्फिंग इतिहास के एक महत्वपूर्ण सत्र में आयोजित हो रहा है, जब जापान में होने वाले एशियाई खेल 2026 में भारत पहली बार सर्फिंग अभियान में भाग लेने जा रहा है। चार दिवसीय इस प्रतियोगिता में लगभग 86 सर्फर, जिनमें अंतरराष्ट्रीय प्रतिभागी भी शामिल हैं, विभिन्न श्रेणियों जैसे पुरुष ओपन सर्फिंग शॉर्टबोर्ड, महिला ओपन सर्फिंग शॉर्टबोर्ड, पुरुष ओपन स्टैंड-अप पैडलबोर्ड (एसयूपी) एवं महिला ओपन स्टैंड-अप पैडलबोर्ड (एसयूपी) में प्रतिस्पर्धा करेंगे। इस आयोजन की गरिमा बढ़ाने हेतु ऑस्ट्रेलिया के अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त जज रोरी साइम्स को हेड जज नियुक्त किया गया है। इस आयोजन के साथ ही अंडमान तथा निकोबार द्वीपसमूह साहसिक पर्यटन एवं जल क्रीड़ाओं के क्षेत्र में एक नया अध्याय लिखने की ओर अग्रसर है, जिससे लिटिल अंडमान भारत में उभरते हुए सर्फिंग गंतव्य के रूप में स्थापित होगा। इस कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन सोमवार को यहां के मेगापोड नेस्ट में अंडमान तथा निकोबार प्रशासन के मुख्य सचिव डॉ. चंद्र भूषण कुमार (आईएएस) द्वारा किया गया। इस अवसर पर प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, सर्फिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के प्रतिनिधि तथा देशभर से आए सर्फरों की बड़ी संख्या उपस्थित रही। उद्घाटन समारोह ने साहसिक पर्यटन के बढ़ते महत्व तथा द्वीपों को वैश्विक खेल आयोजनों के केंद्र के रूप में विकसित करने की प्रशासन की प्रतिबद्धता को दर्शाया। अपने संबोधन में मुख्य सचिव ने लिटिल अंडमान में इस प्रतिष्ठित स्पर्धा के आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इससे अंडमान तथा निकोबार द्वीपसमूह की वैश्विक पहचान को नई ऊंचाइयाँ मिलेंगी। उन्होंने स्कूबा डाइविंग और गेम फिशिंग जैसे लोकप्रिय जल-आधारित गतिविधियों के साथ-साथ फुटबॉल, साइक्लिंग, कयाकिंग और रोइंग जैसे खेलों में द्वीपों की समृद्ध खेल संस्कृति का उल्लेख किया। युवाओं की भागीदारी पर ज़ोर देते हुए उन्होंने आशा व्यक्त की कि शीर्ष सर्फरों को देखकर स्थानीय युवा सर्फिंग एवं अन्य जल क्रीड़ाओं की ओर प्रेरित होंगे। उन्होंने कहा कि कोई भी खेल तब फलता-फूलता है जब युवा पीढ़ी उसे अपनाती है और प्रतिभागियों को खेल भावना एवं एकता बनाए रखते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया।


संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in