

स्टॉकहोम : कनाडाई कवयित्री और निबंधकार ऐनी कार्सन को इस साल साहित्य का नोबेल पुरस्कार दिया जाएगा। स्वीडिश अकादमी ने बृहस्पतिवार को इसकी घोषणा की। नोबेल समिति के अनुसार, कार्सन को यह सम्मान ‘‘साहसी और अभिनव रचनाओं के लिए दिया जा रहा है, जो शास्त्रीय परंपरा के साथ चंचल संवाद करते हुए समकालीन साहित्य के लिए नए रूप गढ़ती हैं।’’ स्वीडिश अकादमी की स्थायी सचिव इंग्रिड कार्लबर्ग ने बताया कि पुरस्कार की सूचना दिए जाने के समय 76 वर्षीय कार्सन आइसलैंड में थीं और ‘‘हवा की सुगबुगाहट सुन रही थीं।’’टोरंटो में जन्मी कार्सन प्राचीन यूनानी और रोमन साहित्य के विषयों को अपनी रचनाओं का आधार बनाती हैं। उनकी चर्चित पुस्तकों में ‘इरोज द बिटरस्वीट’, ‘ऑटोबायोग्राफी ऑफ रेड’, ‘मेन इन द ऑफ ऑवर्स’ और ‘नॉर्मा जीन बेकर ऑफ ट्रॉय’ शामिल हैं। उन्होंने शास्त्रीय यूनानी साहित्य की कई कृतियों का अनुवाद भी किया है। इस साल नोबेल पुरस्कार की राशि 1.2 करोड़ स्वीडिश क्रोनर (करीब 12 लाख अमेरिकी डॉलर) है। शुक्रवार को नोबेल शांति पुरस्कार की घोषणा होगी।