

अमरावती : आंध्र प्रदेश सरकार गुरुवार से ‘व्हाट्सएप गवर्नेंस’ शुरू करने जा रही है, जिससे लोग इस एप के जरिए 161 सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे। ऐसा होने से लोगों को दस्तावेज हासिल करने के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से छुटकारा मिल जाएगा। सचिवालय में बुधवार को आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू के सामने इस नयी पहल का प्रदर्शन किया। पहले चरण में सरकार इस एप के जरिए 161 सेवाएं उपलब्ध कराने जा रही है। अधिकारियों ने प्रस्तुति में मुख्यमंत्री को बताया कि इन सेवाओं का लाभ उठाने वाले लोग अपने विकल्प कैसे चुनेंगे।
पहले चरण में ऊर्जा, राज्य परिवहन, राजस्व, अन्न कैंटीन, मुख्यमंत्री राहत कोष और नगर निकाय के विभागों से संबंधित सेवाएं प्रदान की जाएंगी तथा दूसरे चरण में और भी सेवाओं को इससे जोड़े जाने की उम्मीद है। सूचना एंव प्रौद्योगिकी मंत्री नारा लोकेश गुरुवार को ‘व्हॉट्सएप गवर्नेंस’ सेवाओं का उद्घाटन कर सकते हैं।