

सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजय पुरम -- अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह में आगामी सात दिनों तक गरज-चमक के साथ आंधी और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। निदेशालय आपदा प्रबंधन के राज्य नियंत्रण कक्ष द्वारा 15 नवंबर को जारी मौसम चेतावनी के अनुसार, 16 से 17 नवंबर तक द्वीपसमूह के एक-दो स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका है। वहीं, 18 से 21 नवंबर तक 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ इसी प्रकार का मौसम बने रहने की संभावना है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के शदीपुर, श्री विजय पुरम केंद्र ने किसानों के लिए भी 16 से 19 नवंबर तक गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। 16 से 17 नवंबर के दौरान अंडमान द्वीपसमूह में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
इस बीच, मछुआरों के लिए जारी चेतावनी में 16 से 17 नवंबर तक अंडमान सागर तथा द्वीपों के आसपास समुद्री क्षेत्र में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे और कभी-कभी 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है। मछुआरों को 17 नवंबर तक समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।
इसके अलावा, 15 नवंबर रात 8.30 बजे से 16 नवंबर सुबह 11.30 बजे तक समुद्र में 1.5 से 1.7 मीटर ऊंची लहरें उठने की संभावना को देखते हुए समुद्री लहरों में उफान संबंधी चेतावनी भी जारी की गई है। समुद्र में नौकाओं के संचालन के दौरान विशेष सतर्कता बरतने तथा मनोरंजक समुद्री गतिविधियों में सावधानी रखने की सलाह दी गई है।