

सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजय पुरम – अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह में आगामी 31 अक्टूबर तक भारी से अत्यंत भारी वर्षा होने की आशंका को देखते हुए आपदा प्रबंधन निदेशालय के राज्य नियंत्रण कक्ष ने मौसम, मछुआरों, किसानों और बंदरगाहों के लिए चेतावनी जारी की है। यह चेतावनी 30 अक्टूबर को दोपहर 2 बजकर 5 मिनट पर जारी की गई। इसके लिए कोलकाता स्थित भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की अगले सात दिनों की मौसम चेतावनी तथा श्री विजय पुरम के शादिपुर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा अगले पांच दिनों के लिए जारी कृषि संबंधी चेतावनी को आधार बनाया गया है।
चेतावनी के अनुसार, शुक्रवार, 30 अक्टूबर को दूसरे दिन एक या दो स्थानों पर भारी से अत्यंत भारी वर्षा होने की संभावना है। इस दौरान 7 से 20 सेंटीमीटर तक बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने गरज के साथ बिजली चमकने तथा 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज झोंकेदार हवाएं चलने की भी आशंका जताई है। शनिवार, 31 अक्टूबर को तीसरे दिन एक या दो स्थानों पर 7 से 11 सेंटीमीटर तक भारी वर्षा हो सकती है। इस दिन भी गरज, बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। रविवार, 1 नवंबर से बुधवार, 4 नवंबर तक चौथे से सातवें दिन के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।
मछुआरों के लिए जारी चेतावनी में कहा गया है कि शुक्रवार, 30 अक्टूबर को दक्षिण अंडमान सागर और उससे सटे अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह के समुद्री क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है, जबकि झोंकों की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
शनिवार, 31 अक्टूबर को बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्वी हिस्से तथा अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह से सटे समुद्री क्षेत्रों और अंडमान सागर में हवा की गति 45 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे रहने की आशंका है। इस दौरान तेज झोंकों की गति 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इन परिस्थितियों को देखते हुए मछुआरों को 31 अक्टूबर 2026 तक अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह के तटों के आसपास तथा अंडमान सागर में मछली पकड़ने के लिए समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है। द्वीपसमूह के तटीय क्षेत्रों के लिए समुद्री लहरों के असामान्य उभार संबंधी कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।
बंदरगाहों के लिए जारी चेतावनी में कहा गया है कि अगले दो दिनों के दौरान मौसम की स्थिति में बहुत अधिक बदलाव होने की संभावना नहीं है। प्रशासन ने मौसम संबंधी चेतावनियों को ध्यान में रखते हुए संबंधित क्षेत्रों के लोगों से सतर्क रहने तथा मछुआरों से समुद्र में जाने से बचने की अपील की है।