कार निकोबार में जहाज, जेट्टी और अस्पताल मुद्दे उपराज्यपाल के सामने

जनप्रतिनिधियों ने त्वरित कार्रवाई की मांग रखी

फोटो में कार निकोबार जनजातीय परिषद के प्रतिनिधिमंडल के साथ उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा।
फोटो में कार निकोबार जनजातीय परिषद के प्रतिनिधिमंडल के साथ उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा।
Published on: 

सन्मार्ग संवाददाता

श्री विजय पुरम --

कार निकोबार जनजातीय परिषद के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को लोक निवास में उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा से मुलाकात कर द्वीप की जहाज संपर्क व्यवस्था, मुस जेट्टी की स्थिति, बी.जे.आर. अस्पताल में चिकित्सा सुविधाओं और सेप्टिक टैंकों की सफाई से जुड़े मुद्दे उठाए। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व जनजातीय परिषद के मुख्य कप्तान कैप्टन लियोनेल निकोमेड ने किया।

प्रतिनिधिमंडल ने कार निकोबार में जहाज संपर्क व्यवस्था को बेहतर बनाने, मुस जेट्टी की नौवहन क्षमता बहाल करने के लिए ड्रेजिंग कार्य में तेजी लाने तथा बी.जे.आर. अस्पताल में आवश्यक चिकित्सा उपकरण और सुविधाएं सुनिश्चित करने का अनुरोध किया। इसके अलावा द्वीप पर सेप्टिक टैंकों की यांत्रिक सफाई के लिए व्यवस्था बनाने की मांग भी रखी गई।

प्रतिनिधिमंडल में उप मुख्य कप्तान जॉन लेवी तथा कार्यकारी सदस्य लुकास रॉबर्ट और मोहम्मद अमीन मूसा शामिल थे। उपराज्यपाल ने प्रतिनिधिमंडल की ओर से उठाए गए मुद्दों को सुना और संबंधित विभागों को इन मामलों पर शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने उठाए गए मुद्दों का मौके पर जाकर भौतिक सत्यापन करने के निर्देश भी दिए।

यह बैठक उपराज्यपाल के हालिया द्वीप दौरों के दौरान सामने आए जनसमस्याओं की समीक्षा के बीच हुई। इस दौरान मुख्य सचिव ज्ञानेश भारती ने भी प्रशासन के विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी उपराज्यपाल को दी।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in