

सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजय पुरम -- अंडमान तथा निकोबार प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अभियान समिति के अध्यक्ष टीएसजी भास्कर ने श्री विजय पुरम तथा दक्षिण अंडमान जिले के विभिन्न क्षेत्रों में बार-बार बिजली कटौती और वोल्टेज में उतार-चढ़ाव की समस्या को लेकर उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा से तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है।
भास्कर ने कहा कि उपभोक्ता नियमित रूप से बिजली बिल का भुगतान कर रहे हैं, इसके बावजूद उन्हें विश्वसनीय बिजली आपूर्ति नहीं मिल रही है। उन्होंने कहा कि द्वीपसमूह में बिजली दरें देश के अन्य क्षेत्रों की तुलना में काफी अधिक होने के बावजूद आपूर्ति की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं है।
बार-बार बिजली बाधित होने से विद्यार्थियों की पढ़ाई, अस्पतालों एवं अन्य स्वास्थ्य केंद्रों के कामकाज तथा घरेलू गतिविधियों पर असर पड़ रहा है।
वोल्टेज में उतार-चढ़ाव से विद्युत उपकरणों को नुकसान पहुंचने के कारण लोगों को आर्थिक क्षति भी उठानी पड़ रही है। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में स्थिर, नियमित और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने का आग्रह किया।